भाजपा और आरएसएस संविधान कमजोर कर आरक्षण खत्म करने का कर रही प्रयासः संजय दत्त

भाजपा और आरएसएस संविधान कमजोर कर आरक्षण खत्म करने का कर रही प्रयासः संजय दत्त


शिमला।कांग्रेस पार्टी के हिमाचल सह प्रभारी संजय दत्त ने कहा है कि भाजपा और आरएसएस संविधान को कमजोर कर अनुसूचित जाति व अन्य पिछड़ा वर्ग को आरक्षण से वंचित करना चाह रहे हैं। कई बार भाजपा के बड़े नेता और संघ के पदाधिकारी आरक्षण खत्म करने के बारे में खुलेआम बयान दे चुके हैं। लेकिन भाजपा और संघ की इस मंशा को कांग्रेस पूरा नहीं होने देगी। संजयदत्त हिमाचल कांग्रेस अनुसूचित विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में बोल रहे थे।
संजय दत्त ने कहा कि  जब से केंद्र और हिमचाल में भाजपा सरकार आईं हैं तब से इस वर्ग पर अत्याचार के मामले बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने हमेशा अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों के हित्तों को सर्वोपरि माना है और इसके लिए काम भी किया है। उन्होंने कहा कि  पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर कांग्रेस के सभी प्रधानमंत्रियों और सरकारों की  समाजिक न्याय और समाजिक कल्याण प्राथमिकता रही है। कांग्रेस ने हमेशा इस वर्ग की लड़ाई लड़ी है और आगे भी वह लड़ती रहेगी।
कांग्रेस मैनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष कनर्ल धनी राम शांडिल ने कहा कि कांग्रेस ने इस वर्ग को पूरा मान सम्मान दिया है। इनके अधिकारों की कांग्रेस सरकारों ने रक्षा की है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में इस वर्ग की कांग्रेस सरकार बनाने में अहम भूमिका रहेगी।
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विनय कुमार ने बैठक में आए पदाधिकारियों से कहा कि वे बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि हिमाचल की 68 विधानसभा क्षेत्रों में 28 फीसदी मतदाता इस वर्ग के हैं। ऐसे में यह हिमाचल में सरकार बनाने में अपना अहम रोल निभाएगा। उन्होंने कहा कि ब्लाक और जिला स्तर पर भी इस वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है, जहां कोई कमी रह गई है उसको आने वाले समय में पूरा किया जाएगा।
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन अमित नंदा ने कहा कि अध्यक्ष बनने के बाद उनकी यह दूसरी बैठक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों का आवाहन करते हुए कहा कि आने वाले समय में विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करें।
अमित नंदा ने विभाग की ओर से चलाए जाने वाले कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय स्तर पर कांग्रेस की संविधान बचाओ यात्रा 22 सितंबर से शुरू हो रही है। इसके बाद प्रदेश में भी यह यात्रा की जाएगी। इसके तहत 75 किलोमीटर की यात्रा प्रदेश के विभिन्न जिलों में होगी। उन्होंने कहा कि इन दिनों अनुसूचित विभाग पूरे प्रदेश में संविधान रक्षक तैनात कर रहा है। इस दौरान उन्होंने ब्लाक और जिला कार्यकारिणियों को और मजबूत बनाने पर भी बल दिया। आने वाले समय में संसदीय क्षेत्र, जिला और विधानसभा स्तर पर कांग्रेस अनुसूचित विभाग के सम्मेलन, कार्यशालाएं और बैठकें  करवाई जाएंगी।
इस मौके पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप कुमार, विधायक नंदलाल, मोहनलाल बराक्टा, पूर्व विधायक चिरंजीलाल कश्यप, पूर्व मेयर शिमला सोहनलाल, कांग्रेस कमेटी के महासचिव यशपाल तनाइक ने भी बैठक में आए पदाधिकारियों को संबोधित किया। बैठक में कांग्रेस अनूसूचित जाति विभाग के उपाध्यक्ष सैनराम नेगी, नरोतम राम, राजेंद्र मोहन, जीवन कुमार के अलावा जीतराम पंवार, होशियार सिंह, कर्मचंद भाटिया, मिल्खीराम, दिग्विजय, मीना कश्यप, अमृता कश्यप, प्रीति थांटा, शिवानी चौहान, मोहन नेगी, भूपिंद्र कौशल, वीर सिंह, मनु भाटिया, राजकपूर, रमेश कुमार, चिरंजीलाल, पूर्णचंद, ओम प्रकाश, सीडी बंसल, यशपाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।