नाहन :300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा निकला खोखला, फ्यूल चार्ज और टैक्स से जनता की जेब पर डाका: विनय गुप्ता

नाहन :300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा निकला खोखला, फ्यूल चार्ज और टैक्स से जनता की जेब पर डाका: विनय गुप्ता
Ad 1 Ad 2 Ad 3 Ad 4 Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 8 Ad 9
Ad 1 Ad 2 Ad 3 Ad 4 Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 8 Ad 9
Ad 1 Ad 2 Ad 3 Ad 4 Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 8 Ad 9

 अक्स न्यूज लाइन नाहन 20 जून :
हिमाचल प्रदेश में बिजली बिलों में फ्यूल चार्ज और अन्य अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनय गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की जनता से 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, लेकिन आज वही सरकार फ्यूल चार्ज, सेस और विभिन्न टैक्सों के माध्यम से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।
विनय गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे कर प्रदेशवासियों को गुमराह किया, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता को राहत देने के बजाय नए-नए शुल्क लगाकर उनकी जेब पर बोझ बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा अब केवल चुनावी घोषणा बनकर रह गया है, जबकि वास्तविकता यह है कि बिजली उपभोक्ताओं को बढ़े हुए बिलों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बिजली उपभोक्ताओं से लगभग 33 पैसे प्रति यूनिट की दर से फ्यूल चार्ज वसूला जा रहा है। इसके अनुसार 100 यूनिट बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ता पर लगभग 33 रुपये और 300 यूनिट तक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ता पर करीब 100 रुपये से अधिक का अतिरिक्त भार पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह राशि हर महीने लाखों उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार एक ओर खुद को जनहितैषी और टैक्स फ्री बजट प्रस्तुत करने वाली सरकार बताती है, वहीं दूसरी ओर बिजली बिलों में फ्यूल चार्ज, सेस और अन्य शुल्क जोड़कर जनता से अप्रत्यक्ष रूप से वसूली कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है।
विनय गुप्ता ने कहा कि पहले बिजली उपभोक्ताओं को मिलने वाली कई राहतों में कटौती की गई और अब नए-नए शुल्क लगाकर आम लोगों की परेशानियां बढ़ा दी गई हैं। सबसे अधिक असर मध्यम वर्ग, किसानों, कर्मचारियों, छोटे व्यापारियों और घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है, जिनके लिए बढ़ते बिजली बिल चिंता का विषय बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को चुनावी वादों के अनुरूप कार्य करना चाहिए और यदि 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया गया था तो उसे पूरी पारदर्शिता और बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के लागू किया जाना चाहिए। जनता को मुफ्त बिजली का वादा करके बाद में फ्यूल चार्ज और अन्य टैक्सों के माध्यम से उसकी भरपाई करना उचित नहीं है।
अंत में विनय गुप्ता ने प्रदेश सरकार से मांग की कि बिजली उपभोक्ताओं पर लगाए गए अतिरिक्त फ्यूल चार्ज और अन्य शुल्कों को तत्काल वापस लिया जाए तथा प्रदेश की जनता को महंगी बिजली से राहत प्रदान की जाए।