रेबीज से प्रवासी व्यक्ति की मौत : स्वास्थ्य विभाग ने उठाए ऐहतियाती कदम….
अक्स न्यूज लाइन हमीरपुर 23 जून :
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बताया कि नादौन उपमंडल के गांव भलूं में रह रहे जम्मू के एक व्यक्ति की डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कालेज टांडा में रेबीज से मौत की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत ऐहतियाती कदम उठाए हैं।
उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति की रेबीज से मौत की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसके परिजनों से संपर्क करके इस मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त करके उन्हें चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया। उन्हें रेबीज के फैलने के कारणों, लक्षणों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी प्रदान की गई है। स्थानीय लोगों को भी जागरुक किया गया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेरा के प्रभारी मेडिकल अधिकारी ने स्वयं गांव का दौरा किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि गांव भलूं में ऐहतियात के तौर पर पब्लिक हेल्थ प्रोटोकॉल के अनुसार आवश्यक कदम उठाए गए हैं तथा एक्टिव सर्विलांस सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने बताया कि सभी आशा वर्करों और स्वास्थ्य विभाग के फील्ड स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कुत्तों या अन्य जानवरों के काटने के मामलों की सूचना तुरंत दें और पीड़ितों को तुरंत रेबीज रोधी टीकाकरण के लिए रैफर करें। जिला के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में रेबीज रोधी टीकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। पशुपालन विभाग के अधिकारियों से संदिग्ध जानवरों की जांच का आग्रह किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी जिलावासियों से भी अपील की है कि वे कुत्ते या अन्य किसी जानवर द्वारा काटे जाने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर अपना उपचार करवाएं और रेबीज रोधी टीके अवश्य लगवाएं।




