जयपुर के सिटी पैलेस में आयोजित हुआ 'सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2022' हिमाचल के दलीप सिंह को मिला महाराजा लक्ष्यराज प्रकाश ऑफ सिरमौर अवॉर्ड

जयपुर के सिटी पैलेस में आयोजित हुआ 'सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2022' हिमाचल के दलीप सिंह को मिला  महाराजा लक्ष्यराज प्रकाश ऑफ सिरमौर अवॉर्ड

- ब्रिगेडियर महाराजा सवाई भवानी सिंह की जयंती पर हुआ आयोजन
जयपुर, 23 अक्टूबर  प्रतिष्ठित वार्षिक पुरस्कार समारोह 'सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2022' में हिमाचल प्रदेश के  दलीप सिंह चंदेल को शूटिंग और कोचिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए  महाराजा लक्ष्यराज प्रकाश ऑफ सिरमौर पुरस्कार से नवाजा गया। यह पुरस्कार समारोह  ब्रिगेडियर महाराजा सवाई भवानी सिंह, एमवीसी ऑफ जयपुर की जयंती के अवसर पर शनिवार, शाम जयपुर के सिटी पैलेस के प्रीतम चौंक में आयोजित किया गया था। गौरतलब है कि इस वर्ष पहली बार एचएच महाराजा लक्ष्यराज प्रकाश ऑफ सिरमौर पुरस्कार को अन्य 24 पुरस्कारों के साथ श्रेणी में शामिल किया गया।
समारोह में महाराजा सवाई मानसिंह द्वितीय म्यूजियम ट्रस्ट द्वारा ये पुरस्कार मानवता की सेवा, हेरिटेज संरक्षण, चिकित्सा विज्ञान, परम्परागत शिल्प के क्षेत्र आदि सहित 25 विभिन्न श्रेणियों में दिये गए। इन पुरस्कारों के तहत नकद राशि, शॉल, सिटी पैलेस के सर्वतोभद्र चौक में रखी रजत कलश की प्रतिकृति, प्रशस्ति पत्र और श्रीफल प्रदान किया गया।
 महाराजा लक्ष्यराज प्रकाश ऑफ सिरमौर अवॉर्ड प्राप्त करने वाले  दलीप सिंह चंदेल हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के सल्नू गांव के रहने वाले हैं। वह पिछले 40 वर्षों से निशानेबाजी के खेल में हैं और उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर और कई अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 108 पदक जीते हैं। वह 1999 से भारतीय शूटिंग टीम के कोच भी हैं। एक कोच के रूप में उन्होंने पिछले 22 वर्षों से भारतीय टीम के साथ कई यात्राएं की है। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय चैंपियनशिप और विश्व कप, विश्व शूटिंग चैंपियनशिप, राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई चैंपियनशिप जैसी विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय निशानेबाजों को प्रशिक्षित किया है, जहां उन्होंने भारत के लिए कई पदक जीते हैं।
उल्लेखनीय है कि एचएच महाराजा लक्ष्यराज प्रकाश ऑफ सिरमौर, भारत के प्रसिद्ध राज परिवारों जयपुर और सिरमौर दोनों के सदस्य हैं। 2004 में जन्मे, महाराजा लक्ष्यराज प्रकाश जयपुर की राजकुमारी दीया कुमारी की सबसे छोटी संतान हैं। राजमाता पद्मिनी देवी ने उन्हें 9 वर्ष की आयु में सिरमौर के उत्तराधिकारी के रूप में मनोनीत किया था। एचएच महाराजा लक्ष्यराज प्रकाश ऑफ सिरमौर, वर्तमान में यूके के मिलफील्ड स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उनकी क्रिकेट खेल में भी रूचि है।  वे मिलफील्ड टीम में क्रिकेट खेलते हैं और साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिता में भी भाग लिया है। वे सिरमौर के पूर्ववर्ती साम्राज्य की विशाल सांस्कृतिक, कलात्मक और स्थापत्य विरासत के संरक्षक के रूप में प्रतिबद्ध हैं।