उन्नत कृषि किसानों की बेहतर आर्थिकी का आधार - डॉ. शांडिल

उन्नत कृषि किसानों की बेहतर आर्थिकी का आधार - डॉ. शांडिल

अक्स न्यूज   लाइन .. सोलन, 27  नवम्बर

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि वर्तमान समय में प्राकृतिक कृषि के साथ-साथ उन्नत कृषि ही किसानों की आर्थिकी को बेहतर बनाने का उचित माध्यम है। डॉ. शांडिल आज यहां इंडियन फार्मर अलाइन्स (आईफा) द्वारा कृषि और सहायक कार्यों पर आधारित संगोष्ठी एवं उन्नत किसान, सफल किसान सम्मान समारोह में विभिन्न राज्यों से आए किसानों को सम्बोधित कर रहे थे।

डॉ. शांडिल ने कहा कि वर्तमान समय में प्राकृतिक खेती के माध्यम से जहां भूमि की उर्वरा शक्ति को बढ़ाया जा सकता है वहीं उपभोक्ताओं को सुरक्षित कृषि उत्पाद उपलब्ध करवाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस दिशा में संगठित होकर योजनाबद्ध कार्य किया जाना आवश्यक है।

डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर ‘उन्नत किसान’ नामक पत्रिका का विमोचन भी किया।
बीसीएसजी उत्तराखण्ड बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार, पौडी गढ़वाल, उत्तराखण्ड के कुलपति डॉ. परविंदर कौशल ने कहा कि किसान सीजन के अनुसार फसल की पैदावार करें। फसल की समय-समय पर देखभाल करते रहंे ताकि उत्पाद बेहतर हो। उन्होंने कहा कि यू-ट्यूब के माध्यम से कृषि क्षेत्र में हो रही नई तकनीक की जानकारी ली जा सकती है।

इस अवसर पर प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया गया।
जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, ज़िला कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष शिव कुमार, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, नगर निगम सोलन के मनोनीत पार्षद रजत थापा, संधीरा धौल्टा, ग्राम पंचायत शमरोड़ के प्रधान नन्द राम, ग्राम पंचायत नौणी के प्रधान मदन हिमाचली, सुन्दर सिंह, इंडियन फार्मर अलाइन्स हिमाचल के अध्यक्ष बुद्ध राम ठाकुर, महासचिव बलदेव ठाकुर, संयोजक अशोक झांझी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल सहित विभिन्न राज्यों से आए किसान एवं कृषि क्षेत्र के विशेषज्ञ उपस्थित थे।  
.0.