नाहन : आईटीआई में मेरा युवा भारत ने पर्यावरण संरक्षण दिवस मनाया...
अक्स न्यूज लाइन नाहन 05 जून :
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत, नाहन के सौजन्य से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर खंड नाहन के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नाहन में जागरूकता एवं प्रतिभा संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्थान के प्रधानाचार्य अशरफ अली रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण से संबंधित अपने विचार एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां प्रस्तुत कीं।
भाषण प्रतियोगिता में मोनिका ने प्रथम, रिया चौहान ने द्वितीय तथा सीता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में फाईमा ने प्रथम, उमर ने द्वितीय तथा अमीषा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, अध्यापकों एवं विद्यार्थियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर सभी को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।









