नीट के परीक्षा केंद्रों पर किए जाएंगे आवश्यक प्रबंध, उम्मीदवारों की सुविधा के लिए चलाई जाएंगी विशेष बसें
अक्स न्यूज लाइन हमीरपुर 29 अप्रैल :
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा 3 मई को आयोजित की जा रही राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-नीट (यूजी)-2026 के लिए हमीरपुर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर भी एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। परीक्षा के सुचारू आयोजन के लिए जिला प्रशासन की ओर से भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
इस संबंध में बुधवार को यहां डीआरडीए के हॉल में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें एसपी बलवीर सिंह, जिला हमीरपुर के परीक्षा केंद्रों के समन्वयक एवं उपायुक्त हमीरपुर के सहायक आयुक्त चिराग शर्मा और अन्य अधिकारियों ने विभिन्न प्रबंधों को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर चिराग शर्मा ने बताया कि नीट-यूजी परीक्षा के लिए हमीरपुर शहर एवं इसके आस-पास के शिक्षण संस्थानों में कुल 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उम्मीदवारों की सुविधा हेतु इन परीक्षा केंद्रों के लिए एचआरटीसी की विशेष बसें चलाई जाएंगी। पांचों परीक्षा केंद्रों के लिए अलग-अलग मैजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाएंगे और उम्मीदवारों की संख्या के अनुसार पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी।
सहायक आयुक्त ने पांचों परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों एवं संस्थान प्रमुखों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को एनटीए के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना के निर्देश दिए, ताकि इस परीक्षा के दौरान किसी भी तरह का अनावश्यक विवाद उत्पन्न न हो।
बैठक में पांचों परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों, शिक्षा विभाग, डाक विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया।








