नाहन : रोटरी क्लब नाहन ने बच्चे के हृदय ऑपरेशन के लिए दी आर्थिक सहायता

नाहन : रोटरी क्लब नाहन ने बच्चे के हृदय ऑपरेशन के लिए दी आर्थिक सहायता

अक्स न्यूज लाइन नाहन 07 मार्च : 
मानव सेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए रोटरी क्लब नाहन ने जिला सिरमौर के एक जरूरतमंद बच्चे के हृदय ऑपरेशन के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुशील चौहान, पुत्र जग्गिया राम, जो जिला सिरमौर से संबंधित हैं, के हृदय में ब्लॉकेज का पता चला है। चिकित्सकों ने बच्चे के हृदय का ऑपरेशन करने की सलाह दी है। बच्चे के पिता पेशे से मिस्त्री का कार्य करते हैं और सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण इलाज का खर्च उठाना उनके लिए कठिन हो रहा था। वर्तमान में बच्चे का उपचार आर्टेमिस अस्पताल, गुरुग्राम में चल रहा है और चिकित्सकों के अनुसार उसे लाइफटाइम स्टेंट डाला जाना है, जिसका खर्च काफी अधिक है।
इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर सिरमौर के माध्यम से रोटरी क्लब नाहन को सहायता हेतु एक आवेदन प्राप्त हुआ, जिस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए रोटरी क्लब नाहन ने बच्चे के उपचार के लिए ₹51,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की।
रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन ने बताया कि श्रीमती प्रियंका वर्मा (आईएएस), डिप्टी कमिश्नर सिरमौर, जो रोटरी क्लब नाहन की ऑनरेरी मेंबर भी हैं, ने भी बच्चे के इलाज के लिए व्यक्तिगत रूप से ₹11,000 की सहायता राशि दी। इसके अतिरिक्त सोना चौहान, आरटीओ नाहन तथा रोटरी क्लब नाहन संगिनी की अध्यक्ष ने भी बच्चे के उपचार के लिए ₹15,000 की राशि प्रदान की।
बताया गया कि बच्चे का ऑपरेशन 9 तारीख को आर्टेमिस अस्पताल, गुरुग्राम में होना है। इस अवसर पर रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन ने बच्चे के सफल ऑपरेशन और उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने इस मानवीय कार्य में सहयोग के लिए डिप्टी कमिश्नर सिरमौर, आरटीओ सिरमौर तथा रोटरी क्लब के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया, जिन्होंने इस बच्चे को नया जीवन देने के लिए सहयोग प्रदान किया।