कांग्रेस नेता भाजपा सरकार के कार्यकाल के कार्यों का काट रहे हैं फीता : डा. बिन्दल

डा. राजीव बिन्दल ने यहां जारी एक प्रेस वक्तव्य में कहा कि सुरला प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लगभग 30 वर्ष पूर्व स्वीकृत हुआ था, जिसे सुरला से कहीं और बदल दिया गया। वर्ष 2017 में भाजपा सरकार बनने पर सुरला पी.एच.सी. स्वीकृत करवा कर इसे 2018 में शुरू किया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सुरला के लिए वर्ष 2019 में भवन निर्माण को स्वीकृति करवाकर वर्ष 2022 तक निर्माण पूर्ण कर दिया गया। जबकि कांग्रेस ने इसे 2 वर्षों तक लम्बित रखा और अब इसका राजनैतिक लाभ लेने के लिए उदघाटन कर कांग्रेस सरकार को इसका श्रेय दिया जा रहा है।
डा. राजीव बिन्दल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पी.एच.सी. सुरला, पी.एच.सी बर्मा पापडी, पी.एच.सी. शम्भूवाला, पी.एच.सी कोलर, पी.एच.सी. सैनवाला-मुबारिकपुर, पी.एच.सी. त्रिलोकपुर व पी.एच.सी. पंजाहल इस प्रकार 7 नई पी.एच.सी. खोली गई जिसमें से 3 पी.एच.सी. कांग्रेस की वर्तमान सरकार ने बंद कर दी। उन्होंने कहा कि पी.एच.सी. माजरा का नया भवन, पी.एच.सी. बनेठी का नया भवन, पी.एच.सी बर्मा पापडी का नया भवन, पी.एच.सी. कोलर का नया भवन, पी.एच.सी सुरला का नया भवन, पी.एच.सी रामपुर भारापुर का नया भवन हमारी कड़ी मेहनत का परिणाम है।
डा. बिन्दल ने कहा कि पी.एच.सी जमटा का भवन निर्माण कांग्रेस पार्टी द्वारा बंद करवा दिया गया। उन्होंने कहा कि अनेक हैल्थ सेंटरों के नए भवन भाजपा सरकार में बनाए गए और जनता का समर्पित किये गये। उन्होंने कहा कि भारापुर पी.एच.सी. को सी.एच.सी. बनाया गया था उसे भी कांग्रेस सरकार ने बंद करवा दिया। यही नहीं सिरमौर जिला का अति महत्वपूर्ण नाहन मैडिकल कालेज का निर्माण तेज गति से चल रहा था उसे भी बंद करवा कर अन्य स्थान पर शिफट करने का पडयंत्र चलाया जा रहा है।
डा. बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस सरकार में नए संस्थान खोलना तो दूर की बात, पुराने संस्थान बंद करके मरीजों को परेशान करने का काम चला हुआ है। दूसरी तरफ भाजपा सरकार के कार्यों का फीता काटकर कांग्रेस नेताओं द्वारा इसका श्रेय लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जनता को जवाब देना चाहिए कि कांग्रेस सरकार बनते ही जनहित के संस्थानों को क्यों बंद कर दिया गया।