कुल्लू: तूफान में चीड़ का पेड़ गिरने से बोलेरो खाई में जा गिरी, 4 अध्यापिओं की मौत, 3 घायल...
अक्स न्यूज लाइन नाहन 02 मई :
कुल्लू ज़िले में आनी उपमंडल के अंतर्गत शमशर–गुगरा सड़क मार्ग पर शनिवार शाम करीब 5 बजे एक दर्द नाक सड़क हादसा पेश आया। भारी आंधी-तूफान के चलते एक विशालकाय चीड़ का पेड़ अचानक चलती बोलेरो गाड़ी पर गिर गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गया।
प्राप्त सूचना के अनुसार हादसे के समय वाहन में चालक सहित कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें 6 स्कूल अध्यापिकाएं शामिल थीं।
इस भीषण दुर्घटना में चार महिलाओं की मौके पर मौत हो गई। जबकि चालक और दो अन्य अध्यापिकाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
उपमंडलाधिकारी आनी, लक्ष्मण सिंह कनेट ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को 25,000 रुपये प्रति व्यक्ति की अंतरिम राहत राशि प्रदान की गई है, जबकि घायलों को 5,000-5,000 रुपये की फौरी सहायता मौके पर ही दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।








