अक्स न्यूज लाइन नाहन 8 मार्च :
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हिमधारा एकीकृत विकास संगठन, नाहन द्वारा गांव सुरला के श्री ज्वाला जी मंदिर में खंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 60 से अधिक महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सुरला के उप प्रधान वीरेंद्र ठाकुर और संगठन प्रधान सुषमा शर्मा ने संयुक्त रूप से की।
इस कार्यशाला में महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। संगठन प्रधान सुषमा शर्मा ने बताया कि उनकी संस्था का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि इसके तहत महिलाओं के लिए विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सिलाई, बुनाई और अन्य व्यावसायिक प्रशिक्षण शामिल होंगे। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया और बताया कि संगठन उन्हें समुचित संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।
इस कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली महिलाओं ने अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान दीक्षा शर्मा, द्वितीय स्थान ऋतिका शर्मा
व् तृतीय स्थान सिमरन ने प्राप्त किया। संगठन की ओर से विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जगत राम रामोल और नवल किशोर शर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा, कार्यक्रम में हिमधारा संगठन की सचिव रजनी वाला, अध्यक्ष ललित अग्रवाल, उप प्रधान उषा वालिया, प्रशिक्षित पूनम शर्मा, पसीमा बेगम, रीना छतरी और राकेश शर्मा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में संगठन प्रधान सुषमा शर्मा ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि हिमधारा संगठन भविष्य में भी उनके उत्थान के लिए नए अवसर और प्रशिक्षण कार्यक्रम लाएगा। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यशाला के माध्यम से महिलाओं को न केवल जागरूक किया गया, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए जरूरी जानकारी और संसाधन भी प्रदान किए गए।