विधानसभा अध्यक्ष से मिले जिला परिषद अधिकारी व कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारी

विधानसभा अध्यक्ष से मिले जिला परिषद अधिकारी व कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारी

 अक्स न्यूज लाइन - चम्बा , 22 अक्तूबर   

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से आज विश्राम गृह चुवाड़ी में जिला परिषद अधिकारी व कर्मचारी महासंघ के जिला पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन पत्र सौंपा।
पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार द्वारा जिला परिषद के कर्मचारियों की मांगों को पूर्ण करने के लिए दिए गए आश्वासन के लिए आभार भी व्यक्त किया।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जिला परिषद के कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विदेश दौरे से लौटते ही हड़ताल के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह के साथ भी चर्चा की।

उन्होंने कहा कि शनिवार को जिला परिषद कर्मचारी महासंघ के राज्य स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह से मुलाकात की और बैठक के बाद सरकार की ओर से उनकी मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि 30 अक्टूबर को कर्मचारियों व अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक रखी गई है, जिसमें इनकी सभी मांगों पर मंथन किया जाएगा।

उन्होंने कर्मचारियों द्वारा हड़ताल को वापस लेने के निर्णय को भी सराहा। उन्होंने जिला परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों से आह्वान भी किया कि आपदा के समय में हुए नुकसान के पुनः बहाली में तत्परता के साथ कार्य करें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू कर्मचारियों की जायज मांगों के समाधान के प्रति गंभीर हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने इस दौरान लोगों की समस्याओं को सुना। ज्यादातर समस्याएं पानी, बिजली, सड़कों को लेकर थीं। उन्होंने अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये।

इस अवसर पर एसडीएम भाटियात पारस अग्रवाल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, डीएफओ डलहौजी रजनीश महाजन, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्षपुरी, जल शक्ति राकेश ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय कंवर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष कृष्ण चंद चेला, जिला परिषद कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष मयंक चौहान, राज्य उपाध्यक्ष पवन डढ़वाल, राज्य प्रेस सचिव गगन सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे ।