राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के तहत मंडी और सुंदरनगर में मनाया गया लाइनमैन दिवस
इस अवसर पर मंडी जोन के मुख्य अभियंता इंजीनियर रजनीश ठाकुर ने फील्ड स्टाफ को संबोधित करते हुए कहा कि फील्ड में कार्य करते समय सभी कर्मचारियों को अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना चाहिए और सुरक्षित कार्य पद्धति को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया।
अधीक्षण अभियंता इंजीनियर अरुण शर्मा ने कहा कि बिजली लाइनों पर कार्य करते समय सुरक्षित कार्य पद्धतियों को अपनाना तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण का नियमित उपयोग करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों को कार्य के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कनिष्ठ अभियंता इंजीनियर यशपाल, जो एक प्रमाणित सुरक्षा अभियंता हैं तथा भारतीय नौसेना एवं कॉर्पोरेट क्षेत्र में सुरक्षा कार्यशालाओं के संचालन का व्यापक अनुभव रखते हैं, को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उन्होंने कर्मचारियों को विभिन्न व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन कर सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। इसके साथ ही उपस्थित कर्मचारियों को लाइव प्रदर्शन के माध्यम से सीपीआर सहित प्राथमिक उपचार देने की विधि भी सिखाई गई।
वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता इंजीनियर राजेश कुमार ने बताया कि बिजली विभाग में कार्यरत इंजीनियरों, कनिष्ठ अभियंताओं तथा तकनीकी कर्मचारियों को समय-समय पर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाता है, ताकि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके और आवश्यक सावधानियों का पालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि लाइनमैन बिजली व्यवस्था की रीढ़ होते हैं और उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है।
वक्ताओं ने कहा कि लाइनमैन कर्मी हर मौसम और कठिन परिस्थितियों में बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। भीषण गर्मी, कड़ाके की ठंड, बारिश या आधी रात के फॉल्ट के समय भी वे बिना थके बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहते हैं।
कार्यक्रम में सहायक अधिशाषी अभियंता इंजीनियर नरेश ठाकुर, सहायक अभियंता इंजीनियर सुनील शर्मा, इंजीनियर होशियार सिंह, इंजीनियर विनीत ठाकुर, इंजीनियर चिंतन प्रकाश, इंजीनियर राम सिंह तथा मंडी डिवीजन के सभी उपमंडलों से आए कनिष्ठ अभियंता और फील्ड स्टाफ के कर्मचारी उपस्थित रहे।




