पर्यटन नगरी मनाली में निर्माणाधीन ब्रिज गिरा, बाल-बाल बचे मजदूर बड़ा हादसा टला

पर्यटन नगरी मनाली में निर्माणाधीन ब्रिज गिरा, बाल-बाल बचे मजदूर बड़ा हादसा टला

पर्यटन नगरी मनाली के सोलंग में निर्माणाधीन ब्रिज अचानक ढह गया है, जिससे कार्य में लगे मजदूर बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब वर्षों से बन रहे ब्रिज की शटरिंग को उतारने का कार्य मजदूर कर रहे थे कि अचानक ब्रिज ढह गया। जिसके चलते कार्य में लगे मजदूर बाल-बाल बच गए हैं।
गौरतलब है कि यह ब्रिज बरसों से तैयार किया जा रहा है, लेकिन अभी तक इस ब्रिज को तैयार नहीं किया जा सका। लिहाजा करीब 2 महीने पहले यह ब्रिज विवादों में भी आ गया था। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सरकार ने सोलंग गांव के लिए यहां नदी पर ब्रिज लगाने के लिए स्वीकृति प्रदान की थी। 
इस ब्रिज को बनाने के लिए बजट का भी प्रावधान किया था और निर्माण कार्य आरंभ किया गया था, लेकिन पिछले 6 सालों से इसका निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ था। लिहाजा इस ब्रिज का आधा स्ट्रक्चर बनाया गया था, लेकिन उसकी शटरिंग भी तने सालों तक नहीं उतर पाई थी। 
सोलंग के लोगों को हर साल यहां नदी पर अस्थाई तौर पर पुलिया का निर्माण करना पड़ता है। इसी के चलते बरसात के समय में इस पैदल पुलिया को पार करते हुए दो मासूम की जान चली गई थी और वह नदी में बह गए थे। उसके बाद क्षेत्र के लोगों ने सरकार के खिलाफ गुस्सा व्यक्त किया था और यहां जायजा लेने पहुंचे लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को झूले में लटकाया गया था। 
जिसके बाद जूतों की माला पहनाई गई थी। इस प्रकरण के बाद सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए यहां निर्माणाधीन ब्रिज का कार्य आरंभ करने के आदेश दिए थे। बताया जा रहा है कि इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग ने इस ब्रिज में बरसों पुरानी शटरिंग को उतारने का कार्य आरंभ किया था, जिस दौरान यह ब्रिज धराशाई हो गया। ऐसे में इस ब्रिज के निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवालिया निशान खड़े हो गए है।