संगीत की दुनिया में उभरती आवाज श्रुति शर्मा .......अपनी आवाज का जादू बिखेर रही है......

संगीत की दुनिया में उभरती आवाज श्रुति शर्मा .......अपनी आवाज का जादू  बिखेर रही है......

अक्स न्यूज   लाइन ..नाहन  29 जून - 2023
संगीत की दुनिया में उभरती आवाज श्रुति शर्मा अब संगीत प्रेमियों के लिए परिचय की मोहताज नहीं रही है। पारंपरिक पहाड़ी गीत हों या फिर विभिन्न मेलों की सांस्कृतिक संध्याओं में श्रुति अपनी आवाज का जादू लगातार बिखेर कर दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाती जा रही है। इसका स्पष्ट उदाहरण उनके कुछ माह पूर्व ही रिलीज किए गए गीत की बढ़ती लोकप्रियता से लग रहा है। श्रुति की नई एल्बम साजना ने मार्केट आते ही धूम मचा दी है। जिला सोलन के दाड़लाघाट में अपने माता-पिता सुनीता शर्मा व हंसराज शर्मा के साथ रह रही श्रुति मूलत : जिला बिलासपुर के घुमारवीं की निवासी हैं। 
बचपन से ही श्रुति को संगीत में बेहद रुचि थी और इसके चलते उसने विभिन्न मंचों सहित प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू कर दिया था। अपनी रुचि को करियर का रूप देने में उसके माता-पिता का पूरा सहयोग रहा और उन्होंने हर कदम पर उसके साथ डट कर खड़े रहे। वर्तमान में श्रुति बिलासपुर कालेज में बीए म्यूजिक के अंतिम वर्ष में है और उसके बाद वह म्यूजिक में ही एमए करना चाहती है। 
म्यूजिक को ही करियर बना रही श्रुति बचपन से ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी है और उनकी विजेता भी रही है। श्रुति वर्ष 2017 में वॉयस ऑफ जिला बिलासपुर भी रह चुकी है। वह हिमाचली पहाड़ी गीतों के वीडियो निकालने के साथ-साथ प्रदेश व प्रदेश से बाहर भी विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही है और रोहनप्रीत सिंह, सतिंदर सरताज व कुमार साहिल सरीखे गायकों के साथ मंच साझा कर चुकी है।