प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी नवाचारों से लोग हो रहे लाभान्वित, डेलॉइट समिट में ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने की शिरकत
अक्स न्यूज लाइन शिमला 22 दिसंबर :
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में डेलाइट द्वारा आयोजित ‘आरोहण - ग्रोथ विद इम्पैक्ट - गवर्नमेंट समिट’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लोगों को सुलभ सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए डिजिटलाइजेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे जनसेवाओं में दक्षता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित हो रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में एक आदर्श सुशासन मॉडल को अपनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद और पात्र नागरिकों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। वर्तमान में तकनीक के उपयोग के महत्त्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में नवीनतम तकनीक का उपयोग कर विभिन्न सेवा प्रणालियों को आधुनिक बनाने और इनकी परिचालन क्षमता में सुधार करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में की गई महत्त्वाकांक्षी पहलों के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, प्रधान सलाहकार (नवाचार, डिजिटल टेक्नोलॉजीज एवं गवर्नेंस) गोकुल बुटेल, ओएसडी कर्नल (सेवानिवृत्त) के.एस. बांशटु और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।




