नाहन :रैणुका विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात, सात स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की नियुक्ति......
अक्स न्यूज लाइन नाहन 02 जुलाई :
हिमाचल प्रदेश सरकार ने रैणुका जी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 7 स्वास्थ्य संस्थानों में 7 चिकित्सकों की नियुक्ति की है। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरिपुरधार में एक्स-रे मशीन तथा सीएचसी संगड़ाह में अल्ट्रासाउंड मशीन की स्वीकृति प्रदान की गई है। क्षेत्रवासियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है।
हिमाचल सरकार द्वारा रेणुका विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार के प्रयासों से सीएचसी हरिपुरधार, सीएचसी संगड़ाह, पीएचसी गताधार, पीएचसी टीकरी डसाकना, पीएचसी भराड़ी, पीएचसी चोकर तथा पीएचसी लाना चेता में डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। इन नियुक्तियों से लंबे समय से डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे ग्रामीण क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
इसके अतिरिक्त सीएचसी हरिपुरधार में एक्स-रे मशीन की स्वीकृति से हरिपुरधार-मेहल क्षेत्र की लगभग 8 पंचायतों, कुपवी चौपाल क्षेत्र की 13 पंचायतों, शिलाई विधानसभा क्षेत्र के लादी क्षेत्र की 8 पंचायतों तथा नौहराधार क्षेत्र की 30 से 35 पंचायतों के हजारों लोगों को सीधे लाभ मिलेगा। वहीं सीएचसी संगड़ाह में अल्ट्रासाउंड मशीन स्वीकृत होने से पूरे रैणुका जी विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे गर्भवती महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा अन्य मरीजों को समय पर जांच की सुविधा उपलब्ध होगी और उपचार प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।
इस अवसर पर हरिपुरधार क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व बीडीसी वाइस चेयरमैन एवं वर्तमान आरटीए सदस्य जिला सिरमौर दिलीप चौहान ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री विनय कुमार तथा प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की नियुक्ति एवं आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
हरिपुरधार-मेहल क्षेत्र कांग्रेस अध्यक्ष एवं वर्तमान ग्राम पंचायत ब्रोल के प्रधान अनिल शर्मा ने भी मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री विनय कुमार का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की जनकल्याणकारी सोच का प्रमाण है।
ग्राम पंचायत गेहल-डिमाईना के प्रधान ओपी ठाकुर ने भी प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री विनय कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय रेणुका जी विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र के लिए फायदेमंद होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ होने से आम जनता को समय पर बेहतर उपचार मिलेगा तथा अनावश्यक आर्थिक एवं समय की परेशानी से राहत मिलेगी।
क्षेत्र के लोगों ने आशा व्यक्त की है कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी रैणुका जी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनकल्याण के लिए इसी प्रकार जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेती रहेगी।




