नाहन: आदर्श संस्था की नशा मुक्ति जागरूकता रैली में महिलाओं की रही उल्लेखनीय भागीदारी

नाहन: आदर्श संस्था की नशा मुक्ति जागरूकता रैली में महिलाओं की रही उल्लेखनीय भागीदारी
Ad 5 Ad 6 Ad 9 Ad 9
Ad 6 Ad 7 Ad 9 Ad 9
Ad 6 Ad 7 Ad 9 Ad 9

अक्स न्यूज लाइन नाहन 12 जुलाई :

नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आदर्श (Association for Anti Drug Abuse, Rehabilitation and Saviour of Humanity) द्वारा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया तथा लोगों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार और समाज को सुरक्षित एवं संस्कारित बनाने में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करेंगी तथा युवाओं को नशे जैसी बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगी।

 

संस्था के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत परमार ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई तभी सफल होगी, जब समाज का हर वर्ग, विशेषकर मातृशक्ति, इस अभियान से जुड़े। उन्होंने कहा कि आदर्श संस्था प्रदेशभर में गांव-गांव और पंचायत स्तर तक पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगी तथा युवाओं को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का निरंतर प्रयास करेगी।

 

जिला अध्यक्ष मनीष जैन ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को केवल बैठकों और कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना होगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए आम जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। संस्था के कार्यकर्ता प्रत्येक पंचायत और गांव में जाकर घर-घर जनसंपर्क करेंगे तथा लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे। अधिक से अधिक नागरिकों को संस्था से जोड़कर इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके और एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशा मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

 

इस अवसर पर हरप्रीत कौर को विक्रमबाग, बनकला, कोलर, धौलाकुआँ, माजरा , एवं मिश्रवाला क्षेत्रों का प्रभारी नियुक्त किया गया। वहीं सुनीता जी को इन्ही पंचायत क्षेत्र का महासचिव तथा गुलशन जी को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस के साथ ही साधना बर्मन को प्रदेश में और विनोद कुमार भटनागर को जिला कार्यकारिणी में शामिल किया गया ।

 

कार्यक्रम में संस्था के जिला सचिव नीरज गुप्ता, महिला विंग की जिला प्रधान सीमा अत्री तथा प्रदेश उपाध्यक्ष पासी जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया तथा लोगों से इस जनजागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।