मुख्य निर्वाचन आयुक्त धर्मशाला पहुंचे निर्वाचन अधिकारियों से किया संवाद
अक्स न्यूज लाइन धर्मशाला, 05 जून :
भारत निर्वाचन आयोग के माननीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार जिला कांगड़ा व चम्बा के चार दिवसीय प्रवास पर हैं। उनका यह दौरा 05 जून, 2026 से 08 जून, 2026 तक निर्धारित है। इस दौरान वे निर्वाचन संबंधी विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ-साथ निर्वाचन अधिकारियों, बी.एल.ओ., बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों से संवाद कर रहे हैं।
अपने प्रवास के प्रथम दिवस पर माननीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने होटल हयात, धर्मकोट, धर्मशाला में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ), बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों तथा निर्वाचन कार्मिकों से विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हिमाचल प्रदेश नंदिता गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नीरज चाडला, , अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुरारी लाल, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी दोरजे ठाकुर तथा जिला एवं उपमंडल स्तर के निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में माननीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बी. एल. ओ. एवं बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें निर्वाचन तंत्र की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, विश्वसनीयता एवं समावेशिता सुनिश्चित करने में बी.एल.ओ. की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के महत्व पर बल देते हुए निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से उन पात्र नागरिकों की पहचान एवं पंजीकरण पर ध्यान केंद्रित करने को कहा, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र प्रविष्टि सूची में शामिल न हो।
संवाद के दौरान बी. एल. ओ. द्वारा क्षेत्र स्तर पर आने वाली विभिन्न चुनौतियों, विशेषकर नए मतदाताओं की पहचान, प्रवासी मतदाताओं के सत्यापन एवं मतदाता सूची के अद्यतन संबंधी विषयों पर चर्चा की गई। माननीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने निर्वाचन आयोग की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं व्यवस्थागत सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन कार्यों में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित प्रणालियों के प्रभावी उपयोग पर भी बल दिया, जिससे पारदर्शिता, कार्यकुशलता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम के अंत में माननीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने निर्वाचन मशीनरी के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समावेशी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इसके उपरांत मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मैकलोडगंज स्थित नामग्याल मठ, सेंट जॉन चर्च और नॉरबुलिंगका मठ का भ्रमण किया।
000
--









