अक्स न्यूज लाइन नाहन 8 मार्च :
नाहन विधानसभा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और जनता की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने के लिए बनोग – जबल का बाग – कांशीवाला सड़क (8.6 किलोमीटर) के निर्माण हेतु 12 करोड़ 36 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर दी गई है। यह सौगात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी ने 4 फरवरी को हुई विधायक प्राथमिकता बैठक में दी थी, जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति सरकार ने महज एक महीने के भीतर प्रदान कर दी। इसके अलावा, 1 करोड़ 12 लाख रुपए की राशि आर्मी को भूमि अधिग्रहण के बचे हुए भुगतान के रूप में हमारी सरकार द्वारा जमा करवाई जा रही है।
इसके साथ ही, जबल बाग – कनडईवाला – त्रिलोकपुर रोड (12 किलोमीटर) के लिए 8 करोड़ 19 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण का टेंडर भी जारी कर दिया गया है। ये दोनों सड़क परियोजनाएं क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएंगी और ग्रामीण इलाकों को मुख्य सड़कों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगी। इसके वन विभाग से संबंधित 1 करोड़ 55 लाख रुपए की राशि भी सरकार द्वारा जमा करवाई जा चुकी है।
नाहन विधानसभा के विकास के लिए संकल्पबद्ध हूं" – विधायक अजय सोलंकी
इस महत्वपूर्ण निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता के लिए हमारे द्वारा किए गए कार्यों को अपना बताकर मीडिया और सोशल मीडिया में झूठी पोस्ट डालते हैं, लेकिन मैं ऐसे दिखावे की राजनीति में विश्वास नहीं रखता। मेरा एकमात्र लक्ष्य नाहन विधानसभा क्षेत्र को समृद्ध और विकसित बनाना है। दिन-रात जनता की सेवा में तत्पर रहकर, बिना किसी भेदभाव के कार्य करना ही मेरी प्राथमिकता है।"
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का हार्दिक धन्यवाद
विधायक अजय सोलंकी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का तहेदिल से आभार व्यक्त किया और कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में नाहन विधानसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और मजबूत प्रशासनिक फैसलों के कारण क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान हो रहा है। मुख्यमंत्री का यह सहयोग न केवल हमारे क्षेत्र के विकास को गति देगा, बल्कि इससे लोगों की जिंदगी भी आसान होगी।
"प्रदेश सरकार जनता की भलाई और बुनियादी सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, और इसकी बानगी नाहन विधानसभा क्षेत्र में हो रहे तेज़ी से विकास कार्य हैं।"
विधायक सोलंकी ने आश्वस्त किया कि जो भी बजट स्वीकृत हुआ है, उसका पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि जनता को अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में नाहन विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में कई और विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा, सरकार और प्रशासन के साथ तालमेल बैठाकर क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए मैं पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं