पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और विधवाओं के लिए रैली आयोजित

पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और विधवाओं के लिए रैली आयोजित
अक्स न्यूज लाइन सोलन 17 सितंबर : 
सोलन सैन्य स्टेशन में सोलन ज़िला के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और विधवाओं के लिए 2 जैक एलआई (शेरवानी) बटालियन द्वारा मुख्यालय 95 इन्फैंट्री बिग्रेड के तत्वाधान में आज एक पूर्व सैनिक रैली का आयोजन किया गया। यह जानकारी 95 इन्फैंट्री ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर कुनाल बक्शी ने दी।

ब्रिगेडियर कुनाल बक्शी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, वीर माताओं और युद्ध विधवाओं तक पहुंचना और उनकी सेवा एवं अन्य नागिरक प्रशासन से संबंधित शिकायतों का समाधान करना था।

उन्होंने सभी को आश्वासन दिया कि पूर्व सैनिकों की शिकायतों के समाधान के लिए सेना और नागरिक प्रशासन द्वारा यथा संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न संगठनों का धन्यवाद किया।
परिवार कल्याण संगठन (एफडब्ल्यूओ), वीसी ब्रिगेड की अध्यक्ष अंजलि बक्शी ने इस अवसर पर सोलन ज़िला की वीर नारियों और विधवाओं को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए विभिन्न काउंटर स्थापित किए गए थे। इनमें पेंशन विसंगतियों को सुलझाने के लिए रिकॉर्ड कार्यालयों, भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) तथा ज़िला सैनिक बोर्ड और पुनर्वास जैसे अन्य स्टॉल शामिल थे।

कार्यक्रम में चिकित्सा शिविर तथा पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान के लिए नागरिक प्रशासन द्वारा एक शिकायत निवारण प्रकोष्ठ भी स्थापित किया गया था जिसका उपस्थित पूर्व सैनिकों ने लाभ उठाया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान भी किया गया।