अक्स न्यूज लाइन, नाहन 08 मार्च :
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ केंद्र, नाहन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें इनर व्हील क्लब की चीफ एडवाइजर श्रीमती मधु बिंदल जी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस कार्यक्रम में बहन मधु बिन्दल ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की समानता और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए दुनिया भर के तमाम देश हर साल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाते हैं। यह केवल एक दिन का उत्सव नहीं है बल्कि महिला सशक्तिकरण और समानता की दिशा में एक कदम है। हमारा इतिहास महिलाओं की अद्भुत क्षमताओं एवं कृत्यों से भरा पड़ा है हमारे देश में भगवान के नाम से पूर्व उनकी पत्नी का नाम लिया जाता है जैसे सीताराम राधेश्याम लक्ष्मी नारायण आदि ।
यहां नारी को माता के रूप में पूजा जाता है। वह दुर्गा रूप में,लक्ष्मी रूप में, सरस्वती रूप में अनेक रूपों में पूजी जाती है। आज जरूरत है कि शत प्रतिशत महिलाएं पढ़ी लिखी हों उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सभी सुविधाएं प्राप्त हो इन सबके लिए हमको मिलकर काम करना होगा।
बी.के. शिवानी दीदी ने राजयोग के महत्व को समझाते हुए बताया कि ध्यान और सकारात्मक सोच से महिलाएं जीवन की कठिनाइयों का सामना दृढ़ता से कर सकती हैं। हर नारी अपनी आध्यात्मिक शक्ति द्वारा अपने परिवार और समाज को सही दिशा दे सकती है क्योंकि महिलाएं ही है जो समाज में प्रेम शांति और करुणा फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस मौके पर स्नेहलता गुरुंग भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष, ममता अग्रवाल प्रेसिडेंट इनर व्हील अंजना शर्मा प्रवक्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।