प्रशासन तत्पर, विभिन्न विभागों के सामंजस्य से आधारभूत सेवाएं हो रही बहाल- तोरुल एस रवीश

प्रशासन तत्पर, विभिन्न विभागों के सामंजस्य से आधारभूत सेवाएं हो रही बहाल- तोरुल एस रवीश
अक्स न्यूज लाइन आनी, 18 सितंबर : 
उपंडल प्रशासन आनी आधारभूत सेवाएं बहाल करने के लिए तत्पर है। विभिन्न विभागों के आपसी सामंजस्य से आधारभूत सेवाएं बहाल की जा रही हैं। आनी विधानसभा क्षेत्र में नुकसान का जायजा लेने पहुंची उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने ये बात कही।
उन्होंने लगातार चौथे दिन विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में नुकसान का जायजा लिया।
उपायुक्त ने आज आनी उपंडल के खादवी, बुच्छैर और जलोड़ी क्षेत्र में आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों को प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर आधारभूत सेवाएं बहाल करने और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सबसे पहले आनी में निर्माणाधीन आनी अस्पताल का दौरा किया। करीब 65 करोड़ की लागत से निर्मित हो रहे अस्पताल के पीछे की ओर लगातार भूस्खलन हो रहा है। इस भूस्खलन को स्थिर करने और निर्माण कार्य को अंजाम देने वाली एजेंसी बीएसएनएल के साथ विभिन्न तकनीकि पहलुओं पर विचार करने के दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी मामले पर निगरानी करने की बात कही।
इसके पश्चात उपायुक्त ने खादवी क्षेत्र का दौरा किया और सड़क मार्ग खोलने और सेब की फसल को निकालने के लिए मौके पर जाकर विचार विमर्श किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि लोग सहयोग दें तो तीन-चार दिन के भीतर खादवी गांव तक सड़क मार्ग बहाल हो जाएगा। इससे खादवी गांव और इसके आसपास तैयार सेब की फसल को निकालने में मदद मिलेगी।
इसके पश्चात उन्होंने जाओं गांव का दौरा किया और विभिन्न स्थानों पर हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बुच्छैर में पाठशाला की अधोसंरचना से संबधित दिक्कतों के बारे में जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को समस्या के निवारण पर चर्चा की। उन्होंने जाओं गांव में बेघर हुए लोगों को किराए के मकान में रहने औऱ आपदा के कारण भूमिहीन हुए लोगों को भूमि प्रदान करने के लिए उपयुक्त कागजी कार्रवाई करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को मौके पर दिए।
उपायुक्त ने कांडुगाड में पटारना हादसे स्थल का जायजा लिया। उन्होंने जलोड़ी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर लोगों की समस्याओं को सुना और आपदा प्रभावितों को उचित राहत प्रदान का आश्वासन भी दिया।
इस मौके पर उपायुक्त के साथ एसडीएम आनी लक्षमण कनेट, डीएसपी चंद्रशेखर कायथ, तहसीलदार आनी रत्नेश्वर शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण आनंद शर्मा, अधिशाषी अभियंता पीसी हरनोट  सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।