नाहन : रोटरी क्लब नाहन के सात सदस्य बने पॉल हैरिस फेलो (PHF)
अक्स न्यूज लाइन नाहन 30 जून :
रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन ने बताया कि क्लब के लिए यह गर्व का विषय है कि वर्ष 2025-26 में क्लब के सात सदस्यों ने पॉल हैरिस फेलो (PHF) का सम्मान प्राप्त किया है। इस वर्ष सचिन चावला, राजेंद्र बंसल, राकेश मल्होत्रा, सुरेंद्र राणा, श्याम लाल खिंदरी, मनीष कुमार खिंदरी तथा धर्मेंद्र जैन पॉल हैरिस फेलो बने हैं। इससे रोटरी क्लब नाहन का सम्मान और प्रतिष्ठा रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 में और अधिक बढ़ी है।
रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन ने बताया कि पॉल हैरिस फेलो (PHF) रोटरी का एक प्रतिष्ठित सम्मान है, जिसका नाम रोटरी के संस्थापक Paul Harris के सम्मान में रखा गया है। यह सम्मान उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने रोटरी फाउंडेशन में 1,000 अमेरिकी डॉलर का योगदान दिया हो। यह राशि एकमुश्त अथवा किस्तों में भी जमा कराई जा सकती है।
मनीष जैन ने बताया कि वे स्वयं और उनकी पत्नी डॉ ममता जैन PHF +1 हैं, जिसका अर्थ है कि उन्होंने रोटरी फाउंडेशन में 2,000 से अधिक अमेरिकी डॉलर का योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि रोटरी फाउंडेशन में प्राप्त प्रत्येक योगदान मानवता की सेवा के लिए उपयोग किया जाता है। इसी फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, साक्षरता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल, आर्थिक विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा आपदा राहत जैसे अनेक सेवा प्रकल्प संचालित किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि रोटरी फाउंडेशन ने विश्व को पोलियो मुक्त बनाने के अभियान में ऐतिहासिक योगदान दिया है और वर्तमान में क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन सहित विभिन्न मानवीय परियोजनाओं पर भी प्रभावी ढंग से कार्य कर रहा है।




