नाहन :ग्राम गेहल में बार-बार ट्रांसफॉर्मर खराब होने से ग्रामीण परेशान, मुख्य सड़क के पास ट्रांसफॉर्मर शिफ्ट करने की माँग ……
अक्स न्यूज लाइन नाहन 04 जुलाई :
ग्राम पंचायत गेहल के प्रधान ओपी ठाकुर ने बिजली विभाग से ग्राम गेहल की लंबे समय से चली आ रही विद्युत समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
प्रधान ओपी ठाकुर ने बताया कि 30 जून को हुई भारी वर्षा के दौरान ग्राम गेहल का 25 केवी का विद्युत ट्रांसफॉर्मर जल गया था, जिसके कारण पूरा गांव लगभग 5 से 6 दिनों तक अंधेरे में डूबा रहा। इससे करीब 60 घरों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि यह ट्रांसफॉर्मर पिछले 6 से 8 महीनों से लगातार खराब हो रहा है और बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग द्वारा आज नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध करवाया गया है, जिसके लिए विभाग का आभार व्यक्त किया जाता है।
लेकिन ग्राम गेहल में ट्रांसफॉर्मर की वर्तमान लोकेशन सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। मुख्य सड़क से ट्रांसफॉर्मर को लगभग 500 से 700 मीटर की कठिन पहाड़ी पैदल चढ़ाई पर ग्रामीणों और विभागीय कर्मचारियों द्वारा कंधों पर उठाकर ले जाना पड़ता है। ट्रांसफॉर्मर का वजन लगभग 4 से 5 क्विंटल होने के कारण यह कार्य बेहद जोखिम भरा है और हर बार दुर्घटना तथा जान-माल के नुकसान का खतरा बना रहता है।
प्रधान ओपी ठाकुर ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर स्थल की दूसरी ओर ग्राम पंचायत भवन के समीप मुख्य सड़क मात्र 100 से 150 मीटर की दूरी पर उपलब्ध है। यदि ट्रांसफॉर्मर को वहां शिफ्ट किया जाता है तो भविष्य में ट्रांसफॉर्मर बदलने, रखरखाव और मरम्मत का कार्य आसानी से हो सकेगा तथा ग्रामीणों को अनावश्यक जोखिम नहीं उठाना पड़ेगा।
स्थानीय निवासी राजेंद्र शर्मा एवं सूर्या शर्मा ने बताया कि वर्तमान में लगा 25 केवी का ट्रांसफॉर्मर गांव के बढ़ते विद्युत भार के लिए पर्याप्त नहीं है, जिसके कारण यह बार-बार जल जाता है। उन्होंने बताया कि गांव में लगभग 60 घर हैं और बढ़ती बिजली की आवश्यकता को देखते हुए यहां 63 केवी क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर स्वीकृत किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
ग्राम पंचायत गेहल एवं समस्त ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि ग्राम गिहल के ट्रांसफॉर्मर को शीघ्र मुख्य सड़क के पास पंचायत भवन के निकट स्थानांतरित किया जाए तथा गांव के लिए 63 केवी क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर स्वीकृत किया जाए, ताकि वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
प्रधान ओपी ठाकुर ने कहा कि यदि ग्रामीणों की इस न्यायोचित मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती है, तो ग्रामवासी मजबूर होकर बिजली विभाग के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन एवं नारेबाजी करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।




