इको टास्क फोर्स ने रा.व.मा. पाठशाला शाकरा में पौधरोपण अभियान किया आयोजित

133 इको टास्क फोर्स की एक कंपनी ने जिला शिमला में सुन्नी के समीप राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शाकरा में पौधरोपण अभियान और सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम का आयोजन किया।
यूनिट के जवानों ने कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल लोकेश धीमान के नेतृत्व में पौधरोपण अभियान चलाया। इसमें स्कूल के शिक्षक, कर्मचारी और लगभग 100 छात्र भी शामिल हुए। इस अवसर पर इस क्षेत्र की पारिस्थितिकी के सरंक्षण के महत्व पर बल दिया गया।
लेफ्टिनेंट कर्नल धीमान ने ‘नो योअर आर्मी’ विषय पर व्याख्यान भी दिया। उन्होंने छात्रों के साथ बातचीत की और देश की रक्षा और पर्यावरण एवं सामुदायिक कल्याण में योगदान देने में भारतीय सेना की बहुमूल्य भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने 133 ईटीएफ का आभार व्यक्त किया और राज्य की पारिस्थितिकी की सुरक्षा में बटालियन के निरंतर प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ए कोय की पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद करती है, बल्कि स्थानीय समुदायों और छात्रों को पारिस्थितिक संरक्षण में सक्रिय योगदान देने के लिए भी प्रेरित करती है। इस मानसून में प्राकृतिक आपदाओं मंे जान गवाने वाले मृतकों के सम्मान में, सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखा। इस कार्यक्रम में सामुहिक सहभागिता के महत्व को प्रदर्शित किया और इस कार्यक्रम के माध्यम से इस वर्ष की विनाशकारी प्राकृतिक आपदाओं के मद्देनजर पर्यावरण संरक्षण की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया।