अक्स न्यूज लाइन शिमला 19 फरवरी :
शिमला ग्रामीण स्पोर्ट्स कल्चरल एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन सुन्नी की ओर से वीरवार को एंटी चिट्टा रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। बस स्टैंड सुन्नी से लेकर एसडीएम कार्यालय तक रैली का आयोजन किया गया जिसमें सैंकड़ों छात्र-छात्राओं एवं आज जनता ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में सबसे बड़ी चुनौती चिट्टे का फैलता जाल है। आज हर गांव तक चिट्टे के कारोबार ने अपने पैर पसार लिए है। हमारी युवा पीड़ी इसकी चपेट में बुरी तरह फंसती जा रही है।
उन्होंने कहा कि ‘चिट्टा’ (सिंथेटिक ड्रग्स) के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रदेश सरकार ने नशे के खिलाफ कड़ा और बहुआयामी अभियान छेड़ रखा है। चिट्टा न केवल युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य को नुकसान पहुँचा रहा है, बल्कि सामाजिक ताने-बाने और कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती बन गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा सख्त कानून, प्रभावी पुलिस कार्रवाई, जनजागरूकता और पुनर्वास इन चार स्तंभों पर आधारित रणनीति पर कार्य किया जा रहा है।
राज्य सरकार ने पुलिस और विशेष टास्क फोर्स को मजबूत किया है ताकि तस्करी के नेटवर्क पर सीधा प्रहार किया जा सके। सीमावर्ती जिलों और संवेदनशील इलाकों में नाकेबंदी, खुफिया तंत्र की सक्रियता और अंतरराज्यीय समन्वय बढ़ाया गया है। ड्रग्स सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए बड़े तस्करों की पहचान कर उनकी संपत्तियों की जब्ती जैसी कठोर कार्रवाइयाँ भी की जा रही हैं। साथ ही, स्कूल और कॉलेजों के आसपास निगरानी बढ़ाई गई है ताकि युवाओं तक नशे की पहुँच रोकी जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार यह मानती है कि केवल दंडात्मक कदम पर्याप्त नहीं हैं। इसलिए जागरूकता अभियानों के माध्यम से युवाओं और अभिभावकों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में शिक्षित किया जा रहा है। पंचायत स्तर तक “नशा मुक्त हिमाचल” जैसे कार्यक्रम चलाकर समाज की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। शिक्षण संस्थानों में सेमिनार, कार्यशालाएं और परामर्श सत्र आयोजित किए जा रहे हैं ताकि छात्र सही मार्ग चुन सकें। नशा तस्करों की सूचना देने वालों के लिए 10,000 से 10 लाख रुपए तक के इनाम की घोषणा की गई है, और सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखने का आश्वासन दिया गया है।
एंटी-चिट्टा वॉलंटियर्स की बनेगी एक टीम
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकार जल्द ही 1,000 एंटी-चिट्टा वॉलंटियर्स की एक टीम बनाएगी जो पुलिस और जनता के बीच एक सेतु का काम करेगी। प्रदेश सरकार का संकल्प स्पष्ट है हिमाचल को चिट्टा मुक्त बनाना है। इसके लिए प्रशासन, पुलिस, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और आम नागरिक सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि समाज और सरकार मिलकर प्रयास करें, तो हिमाचल को नशे के अभिशाप से मुक्त कर एक स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारा युवा पुस्तकालय में दिखना चाहिए। नशे की चपेट में नहीं होना चाहिए। नशे में संलिप्त व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
थली पुल का किया शिलान्यास, एसडीएम कार्यालय का किया शुभारंभ
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सुन्नी क्षेत्र में थली पुल के प्रभावित होने से हर साल नुकसान होता है। भविष्य में नया पुल बनाने के लिए कार्य किया जाएगा। फिलहाल लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से इसका पुनर्निर्माण कार्य आरंभ हो चुका है, जिसका उन्होंने आज शिलान्यास किया। उन्होंने एसडीएम सुन्नी कार्यालय का उदघाटन भी किया। उन्होंने कहा कि एसडीएम कार्यालय के खुलने से विकास कार्यों को तीव्रता मिलेगी।
सुन्नी में चल रहे करोड़ों रुपए के विकास कार्य
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सुन्नी क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के तहत 119 करोड़ रुपए के विभिन्न कार्य चले हुए हैं। भविष्य में 19 करोड़ रूपये के कार्यों को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। सामुदायिक भवन में पुस्तकालय बनाने का कार्य तीव्र गति से चला हुआ है। उन्होंने कहा कि सुन्नी क्षेत्र में 25 करोड़ रूपये की लागत से बन रही पेयजल योजना का कार्य अंतिम चरण में चला है।
उन्होंने कहा कि सुन्नी भज्जी क्षेत्र के लोगों का प्रदेश और देश के लिए अभूतपूर्व योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि संतुलित विकास करने लिए मैं निरंतर प्रयास करता हूँ। मैं क्षेत्रवाद का विरोधी रहा हूं। प्रदेश के कठिन इलाकों के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला एवं पुरुषों ने विकास कार्यो में अहम भूमिका निभाई है।
शोगी स्कूल को बनाया जायेगा डे-बोर्डिंग, दिलवाई जाएगी सीबीएसई से मान्यता
उन्होंने बताया कि सुन्नी और घणाहट्टी स्कूल को सीबीएसई से मान्यता प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में शोघी स्कूल को भी सीबीएसई से मान्यता दिलवाई जाएगी। सुन्नी स्कूल को राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल बनाया जाएगा। इसके लिए 05 करोड़ रूपए का बजट स्वीकृत करवाया गया है। उन्होंने कहा कि आज एआई का जमाना है इसलिए हमें पुरानी रूढ़िवादी सोच को बदलना होगा और तकनीक के साथ आगे बढ़ना होगा।
यह भी उपस्थित
इस दौरान करसोग से कांग्रेस प्रत्याशी महेश राज, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत प्रदीप शर्मा, एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा, तहसीलदार सुन्नी सुनील चौहान, चीफ इंजीनियर लोक निर्माण विभाग सुरेश कपूर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।