सीबीआई ने अपने हाथ लिया पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला, शीघ्र दर्ज होगी एफआईआर

सीबीआई ने अपने हाथ लिया पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला, शीघ्र दर्ज होगी एफआईआर

हिमाचल पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में सीबीआई जल्द ही मामला दर्ज कर सकती है। सीबीआई ने कांगड़ा, सोलन पुलिस और सीआईडी से रिकॉर्ड और स्टेटस रिपोर्ट मांगी है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बीते 17 मई को पेपर लीक मामले में सीबीआई से जांच करवाने का फैसला लिया था। लेकिन अब सात माह बीत जाने के बाद सीबीआई ने पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले की जांच के लिए रिकॉर्ड मांगा है।
पेपर लीक मामले में सरकार ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। एसआईटी अब तक 183 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। कई आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट भी दायर की गई है। पुलिस थाना गगल में 91 आरोपियों के खिलाफ  मामला दर्ज किया गया है। एफ आईआर दर्ज होने के बाद कांगड़ा कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई है। 
पुलिस थाना अर्की में दर्ज किए गए केस में 29 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की गई है। हिमाचल सीआईडी के पुलिस थाना भराड़ी में भी मामला दर्ज किया गया है। इसके तहत 61 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की गई है। सूत्र बताते हैं कि सीबीआई ने कांगड़ा पुलिस से कांस्टेबल पेपर लीक मामले की स्टेटस रिपोर्ट सहित अन्य जानकारियां ले ली हैं। 
अब सीआईडी से भी इसका रिकॉर्ड लिया जाना है। एसपी कांगड़ा खुशहाल चंद ने माना कि सीबीआई ने रिकॉर्ड मांगा है। पुलिस कांस्टेबलों के 1,334 पदों की भर्ती के लिए बीते 27 मार्च को प्रदेश भर में 81 केंद्रों में लिखित परीक्षा हुई थी। 5 अप्रैल को परिणाम घोषित हुआ था।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लिखित परीक्षा रद्द कर मामला सीबीआई को देने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने सबसे पहले कांगड़ा से ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।