भोरंज अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट से चिकित्सा सुविधाओं में आएगी नई क्रांति
अक्स न्यूज लाइन हमीरपुर 31 जनवरी :
अब भोरंज अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक नई क्रांति आने वाली है। क्योंकि, सरकार ने इस अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित करने के लिए मंजूरी प्रदान की है और इसके लिए लगभग 24 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
क्रिटिकल केयर यूनिट के अंतर्गत भोरंज अस्पताल में एक अतिरिक्त ब्लॉक के निर्माण के साथ-साथ डॉक्टरों के लगभग एक दर्जन पद और पैरामेडिकल स्टाफ के करीब 20 पद सृजित किए जाएंगे तथा अस्पताल में 50 अतिरिक्त बेड्स का प्रावधान किया जाएगा। इनमें आईसीयू के दस बेड और एचडीयू के 6 बेड शामिल होंगे। आइसोलेशन वार्ड में 24 बेड, आइसोलेशन रूम, डायलिसिस और एमसीएच में 2-2 बेड होंगे। 2 अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, 2 एलडीआर और एक प्वाइंट ऑफ केयर लैब भी क्रिटिकल केयर यूनिट का हिस्सा होगी।
विधायक सुरेश कुमार का कहना है कि भोरंज अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित होने के बाद यहां कई गंभीर बीमारियों का इलाज और ऑपरेशन किए जा सकेंगे और क्षेत्रवासियों को यहीं पर ही जिला अस्पताल जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।





