रक्षाबंधन उत्सव ब्रह्माकुमारीज़ नाहन सेवाकेंद्र पर हर्षोल्लास से मनाया गया।

रक्षाबंधन उत्सव ब्रह्माकुमारीज़ नाहन सेवाकेंद्र पर हर्षोल्लास से मनाया गया।

अक्स न्यूज लाइन नाहन, 3 अगस्त :

 पावन पर्व रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ नाहन केंद्र में एक आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने भाई-बहनों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें ईश्वर से सुरक्षा,सुख-शांति एवं समृद्धि का आशीर्वाद दिया।कार्यक्रम की शुरुआत राजयोग ध्यान से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय भाई-बहनों ने भाग लिया।

तत्पश्चात, केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी रमा दीदी ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व को समझाते हुए कहा कि यह पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मा और परमात्मा के दिव्य संबंध को भी दर्शाता है। उन्होंने बताया कि सच्ची राखी वह है जो आत्मा को विकारों से मुक्त कर परमात्मा की सुरक्षा में स्थिर करती है। इस अवसर पर बहनों ने भाई-बहनों को ईश्वरीय सन्देश के साथ राखी बाँधी और सभी को नैतिक जीवन जीने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में नगर के कई गणमान्य नागरिक, महिलाएं, बच्चे और युवा वर्ग शामिल हुए। सभी ने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था द्वारा किए जा रहे आत्मिक जागरण के प्रयासों की सराहना की और इस आध्यात्मिक राखी पर्व को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में प्रियंका बहन ने "पावन ये नाता अपना" और दीपशिखा दीदी ने "बाबा तुम प्यार के सागर हो" मनमोहक गीत प्रस्तुत किया।