अक्स न्यूज लाइन शिमला 14 अप्रैल :
भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के उपलक्ष्य पर भाजपा प्रदेश कार्यालय दीप कमल, चक्कर में मंडल स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने डॉ. अंबेडकर को श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपने विचारों और कार्यों के माध्यम से समाज में समानता, न्याय और अधिकारों की जो अलख जगाई, वह आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर के सिद्धांत और आदर्श हमें यह सिखाते हैं कि समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। “एक समरस, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण के लिए हमें उनके बताए मार्ग पर चलना होगा,” उन्होंने कहा।
इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर, नरेश चौहान, केशव, पूर्ण चंद सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।