नाहन: जमा दो स्कूल धौन में क्लस्टर मीट का आयोजन,100 छात्रों ने हिस्सा लिया..

नाहन: जमा दो स्कूल धौन में क्लस्टर मीट का आयोजन,100 छात्रों ने हिस्सा लिया..

अक्स न्यूज लाइन नाहन 9 फरवरी : 

राजकीय जमा दो स्कूल धोंन में आज क्लस्टर मीट का आयोजन किया गया। मीट में 6 स्कूलों के 100 छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रधानाचार्य राकेश शर्मा द्वारा किया गया। प्रधानाचार्य ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाती हैं, बल्कि उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी पैदा करती हैं।

आयोजन के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में नन्हे छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा दिखाई। सबसे पहले क्विज कम्पटीशन में बच्चों के सामान्य ज्ञान की परीक्षा हुई, जिसमें धौण स्कूल के जिज्ञासा और इशांत ने अपनी बुद्धिमत्ता का लोहा मनवाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, कन्योन स्कूल की प्राणवीं और अमन द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि रामा स्कूल के सूर्यांश और सार्थक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके बाद आयोजित माइंड गेम में रामा स्कूल के सूर्यांश ने अपनी एकाग्रता का परिचय देते हुए पहला स्थान पाया। इसी स्पर्धा में रोजबेंदली स्कूल के अश्विन दूसरे और सेरबड़ोन स्कूल की छात्रा सोनाक्षी तीसरे स्थान पर रहीं।

लेखन और शैक्षणिक कौशल की स्पर्धाओं में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कैलीग्राफी राइटिंग में धौण स्कूल का दबदबा रहा, जहाँ वेदिका ने प्रथम और शिवान्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर स्कूल का मान बढ़ाया, जबकि कन्योन स्कूल की शिवांगी राजपूत तीसरे स्थान पर रहीं। गणित को दिलचस्प बनाने के लिए आयोजित मैथ रेस में धौण के इशांत ने सबसे तेज दौड़ लगाई और प्रथम रहे। उनके पीछे रामा स्कूल की वेदिका दूसरे और कन्योन स्कूल के तेजस शर्मा तीसरे स्थान पर रहे।

खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों ने कार्यक्रम में और भी रंग भर दिए। बैलून रेस में रोजबेंदली स्कूल के अश्विन ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कन्योन स्कूल की जाह्नवी राजपूत द्वितीय और रामा स्कूल की देविका तृतीय रहीं। कार्यक्रम के अंतिम चरण में ड्राइंग कम्पटीशन का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों से उकेरा। इस प्रतियोगिता में आरवाली स्कूल की अपराजिता और धौण स्कूल के वंश संयुक्त रूप से प्रथम घोषित किए गए। धौण स्कूल के मयुष ने दूसरा और रामा स्कूल के छात्र आर्य रमौल ने तीसरा स्थान हासिल कर अपनी कला का प्रदर्शन किया।

नई सोच और विकास के पर्याय बने राकेश शर्मा यह आयोजन प्रधानाचार्य राकेश शर्मा की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। वह शिक्षा क्षेत्र में अपने अनूठे प्रयोगों के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले जब वह हेडमास्टर थे, तो उन्होंने 'बनाह की सेर' में बिना किसी सरकारी सहायता के जन-सहयोग से टेबल टेनिस कम्युनिटी हॉल का निर्माण करवाया था। वहीं 'गगल शिकोर' में तैनाती के दौरान उन्होंने वहां एक आधुनिक पुस्तकालय स्थापित किया था। धौण में आयोजित यह क्लस्टर मीट उनके इन्हीं निरंतर प्रयासों की अगली कड़ी है।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य ने सभी विजेताओं को स्मृति चिन्ह और इनाम देकर प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और स्थानीय अभिभावकों ने स्कूल की इस पहल की जमकर सराहना की।