कामगार कल्याण बोर्ड से इंडक्शन चूल्हे प्राप्त करके गदगद हुए कामगार

एक जुलाई को धनेटा में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वारा’ कार्यक्रम के दौरान भी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन उपमंडल के लगभग 360 कामगारों को हिमाचल प्रदेश भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की योजना के तहत इंडक्शन चूल्हे प्रदान किए। इनमें महिला कामगारों की संख्या ज्यादा रही।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और विधायक कमलेश ठाकुर से इंडक्शन चूल्हे प्राप्त करके क्षेत्र के कामगार काफी गदगद दिखे। गांव भदरूं की कामगार अर्चना कुमारी, लोहारडा की सुमना देवी, रंगस की वीना देवी, प्लासी की कमला देवी, नीता देवी और रक्षा देवी, गांव सलयाल के अनिल कुमार, लाहड़ के किशोरी लाल, टिल्लू के अजय कुमार, मझियार के रवि कुमार, झमेर के अनूप कुमार और अन्य कामगारों ने बताया कि उन्हें बोर्ड के माध्यम से कई प्रकार की सुविधाएं मिल रही हैं। मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इन कामगारों ने कहा कि उनकी जनकल्याणकारी नीतियों से आम लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
उधर, हिमाचल प्रदेश भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बोर्ड की सभी योजनाओं का लाभ पात्र कामगारों तक पहुंचाने की दिशा में तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है। इससे प्रदेश के लाखों कामगार लाभान्वित हो रहे हैं।