अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी 2026 के लिए ऑडिशन शुरू, पहले दिन स्पेशल चाइल्ड हंट सहित दिव्यांगजनों के लिए आयोजित ऑडिशन में 27 कलाकारों ने लिया भाग

अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी 2026 के लिए ऑडिशन शुरू, पहले दिन स्पेशल चाइल्ड हंट सहित दिव्यांगजनों के लिए आयोजित ऑडिशन में 27 कलाकारों ने लिया भाग
अक्स न्यूज लाइन मंडी 2 फरवरी : 
अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी 2026 के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों के लिए ऑडिशन आज से आरंभ हो गए। पहले दिन स्पेशल चाइल्ड टेलेंट हंट एवं अन्य दिव्यांगजनों के लिए आयोजित ऑडिशन में कुल 27 कलाकारों ने भाग लिया। इन ऑडिशनों में विशेष योग्यता प्राप्त बच्चों के संस्थान (बालिका), सुंदरनगर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए दिव्यांगजनों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने गायन एवं नृत्य जैसी सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित निर्णायक मंडल द्वारा बड़े ध्यानपूर्वक देखा गया।

अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने बताया कि आज पहले दिन केवल स्पेशल चाइल्ड हंट तथा अन्य दिव्यांगजनों के लिए ऑडिशन रखे गए थे, ताकि उन्हें महोत्सव के मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि छोटी काशी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2026 के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रमों को और अधिक समावेशी एवं प्रेरणादायी बनाने के उद्देश्य से युवा सेवा एवं खेल विभाग के पड्डल मैदान स्थित टेबल टेनिस हॉल में ‘स्पेशल चाइल्ड टेलेंट हंट’ एवं अन्य दिव्यांगजनों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के ऑडिशन आयोजित किए गए।

उन्होंने  बताया कि आगामी दिनों में वॉयस ऑफ शिवरात्रि प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के लिए 3, 4 और 5 फरवरी को उपमंडल स्तर पर तथा 6 फरवरी को जिला स्तर पर गायन के ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे, जबकि 7 फरवरी को मंडी सहित अन्य जिलों के डांस ऑडिशन होंगे।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन मंडी द्वारा दिव्यांगजनों एवं विशेष बच्चों को समान मंच प्रदान करने की दिशा में यह पहल एक सकारात्मक कदम है, जिससे उनकी प्रतिभा को सम्मान और पहचान मिल सके। साथ ही उन्होंने अधिक से अधिक कलाकारों से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर ऑडिशन में भाग लेने का आग्रह किया।