सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर प्रदेशभर में साइबर जागरूकता सत्र आयोजित
सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), द्वारा आज प्रदेश सचिवालय में एक विशेष साइबर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम ‘स्मार्ट टेक, सुरक्षित विकल्पः एआई के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग की खोज’ विषय पर आधारित जागरूकता सत्र के दौरान उभरती डिजिटल तकनीकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के सुरक्षित, नैतिक एवं जिम्मेदार उपयोग पर विशेष बल दिया गया।
सचिवालय-स्तरीय इस सत्र में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। सत्र के दौरान साइबर स्वच्छता, मजबूत पासवर्ड का उपयोग, फिशिंग व साइबर ठगी से बचाव, सुरक्षित ई-मेल व इंटरनेट ब्राउजिंग, तथा व्यक्तिगत व अधिकारिक डेटा की सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए गए।
एनआईसी के सभी ज़िला केंद्रों के साथ-साथ सीजीओ कॉम्प्लेक्स, विधानसभा एवं उच्च न्यायालय स्थित एनआईसी कार्यालयों में भी इसी प्रकार के जागरूकता सत्र आयोजित किए गए, ताकि सुरक्षित इंटरनेट उपयोग का संदेश जमीनी स्तर तक पहुंचाया जा सके।





