कांग्रेस, संविधान बचाओ के नाम पर कांग्रेस बचाओ रैलियां कर रही....

कांग्रेस, संविधान बचाओ के नाम पर कांग्रेस बचाओ रैलियां कर रही....

अक्स न्यूज लाइन, शिमला   04 मई :  
कांग्रेस पार्टी संविधान बचाओ का नारा देकर, कांग्रेस बचाओ रैलियां कर रही है। यह बात राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री भाजपा डाॅ. सिकंदर कुमार ने आज जयसिंहपुर में अलग-अलग गांवो एवं बस्तियों में अनुसूचित जाति के प्रबुद्ध लोगों से सम्पर्क के दौरान कही। गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी आज पूरे प्रदेशभर में अनुसूचित जाति वर्ग से सम्पर्क अभियान कर रही है।
सम्पर्क अभियान के दौरान डाॅ. सिकंदर कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान को हाथ में लेकर संविधान को बचाने की बात करती है परन्तु हकीकत यह है कि कांग्रेस पार्टी ही भारतीय संविधान का हनन अपने स्वार्थहित के लिए करती आई है। बाबा साहब डाॅ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाये गये संविधान को कांग्रेस की विभिन्न सरकारों ने अपने स्वार्थ के लिए राजनैतिक हित साधन के लिए 75 बार बदला। वो लोग जिन्होनें संविधान निर्माता डाॅ. भीमराव अंबेडकर को अपमानित किया, लज्जित किया वे लोग संविधान की रक्षा की बात करेंगे तो हास्यास्पद होगा। बाबा साहब ने समाज के पिछडे़, दलित, वंचित, शोषित वर्ग के उत्थान की, उनके उद्धार की बात कही लेकिन कांग्रेस पार्टी ने इस वर्ग का इस्तेमाल केवल और केवल वोट बैंक के लिए किया और वोट प्राप्ति के बाद इस वर्ग को पूरी तरह नकार दिया।
डाॅ. सिकंदर ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी और आडवाणी जी के प्रयासों से डाॅ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न से नवाजा गया। भारतीय जनता पार्टी के प्रयासों से उनके जन्म दिवस को समरसता दिवस के रूप में मनाने, 26 नवम्बर, जिस दिन संविधान लागू हुआ था उस दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाने, बाबा साहब के चित्र को संसद के सैन्ट्रल हाॅल में लगवाने, उनके नाम पर BHIM UPI शुरू करने, उनके नाम से सिक्के व डाक टिकट जारी करना और उनके नाम पर पंच तीर्थों का निर्माण करना जैसे कार्य किए गए ताकि आने वाली पीढ़ियां बाबा साहब को तथा उनके द्वारा देश के प्रति किए गए योगदान को याद रख सके।
डाॅ. सिकंदर ने कहा कि एक ओर जहां मोदी जी ने बाबा साहब की विरासत को संजोए रखने का काम किया वहीं दूसरी ओर कांग्रेस द्वारा उन्हें एक वर्ग विशेष के नेता के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया, जगह-जगह उन्हें प्रताड़ित करने का, अपमानित करने का काम किया परन्तु अब जनता कांग्रेस के मंसूबों को भली प्रकार समझ चुकी है और आज के समय में देश का प्रत्येक गरीब, वंचित, शोषित, दलित, पीड़ित वर्ग मोदी जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है ताकि हमारा राष्ट्र 2047 तक विकसित राष्ट्र बन सके।

--
Respected Ma'am/Sir