शहीद दिवस: बचत भवन में श्रद्धांजलि सभा, उपायुक्त कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मौन रख शहीदों और राष्ट्रपिता को दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि 30 जनवरी को देशभर में शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है और यह दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि शहीद दिवस हमें उन अमर वीरों के सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी, एकता और अखंडता के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।
उपायुक्त ने कहा कि यह दिवस हमें सत्य, अहिंसा, राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शहीदों और बापू के आदर्श केवल इतिहास का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वह वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत हैं।
उन्होंने उपायुक्त कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वह शहीदों के सपनों के अनुरूप एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।





