हिमाचल के वीर सपूतों मंडी के कैप्टन योगेंद्र सिंह और शिमला के मेजर अंशुल बाल्टू को मिला वीरता सम्मान, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दी बधाई
अक्स न्यूज लाइन मंडी, 08 जून :
हिमाचल प्रदेश के लिए यह बेहद गौरवपूर्ण क्षण है जब प्रदेश के दो वीर सपूतों, मंडी ज़िले के जोगिंद्रनगर (ग्राम पंचायत दारट बगला) के कैप्टन योगेंद्र सिंह ठाकुर और शिमला ज़िले की जुब्बल तहसील (घुंसा गांव) के मेजर अंशुल बाल्टू को देश के प्रतिष्ठित वीरता सम्मान 'शौर्य चक्र' से सम्मानित किया गया है। मेजर अंशुल बाल्टू को यह सम्मान असम में एक विशेष सैन्य अभियान के दौरान प्रदर्शित उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और अदम्य वीरता के लिए राष्ट्रपति भवन में प्रदान किया गया।
इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दोनों जांबाजों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। जयराम ठाकुर ने अपने बयान में कहा कि कैप्टन योगेंद्र और मेजर अंशुल ने अपने अद्वितीय साहस, दृढ़ संकल्प और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण से यह साबित कर दिया है कि हिमाचल की देवभूमि आज भी वीरों की जननी है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय सेना के कड़े अनुशासन और सर्वोच्च राष्ट्रसेवा का प्रतीक यह सम्मान न केवल पूरे देश को गौरवान्वित करता है, बल्कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं को देशभक्ति और देशसेवा के मार्ग पर चलने के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा।









