विकास एक निरंतर प्रक्रिया है हमारा लक्ष्य सिर्फ विकास है, विधानसभा उपाध्यक्ष ने नौहराधार में सुनी जनसमस्याएं।

विकास एक निरंतर प्रक्रिया है हमारा लक्ष्य सिर्फ विकास है, विधानसभा उपाध्यक्ष ने नौहराधार में सुनी जनसमस्याएं।

अक्स न्यूज लाइन नाहन, 9 फरवरी : 

 विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के अपने चार दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज नौहराधार स्थित विश्राम गृह परिसर में क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनी।

इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि व स्थानीय लोगों ने उपाध्यक्ष से मुलाकात की तथा क्षेत्र की सामूहिक व व्यक्तिगत समस्याएं उनके समक्ष रखी। विधानसभा उपाध्यक्ष  ने इनमें से अधिकांश समस्याओं का निपटारा मौके पर किया तथा कुछ समस्याओं को सम्बंधित विभागों को तुरंत निराकरण के लिये सौंप दिया।

   विनय कुमार ने उन्हें तीसरी बार विधायक चुनने पर रेणुका विधानसभा क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने रेणुका जी क्षेत्र को विधानसभा उपाध्यक्ष जैसे गरिमापूर्ण पद प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में डॉ यशवंत सिंह परमार जो कि प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री और हिमाचल निर्माता थे उसके उपरांत रेणुका जी  क्षेत्र को संवैधानिक पद प्रदान किया गया है जिसके लिए वह रेणुका क्षेत्र की समस्त जनता की ओर से प्रदेश सरकार का  आभार प्रकट करते हैं।

विनय कुमार ने कहा कि पद नाम के लिए नहीं मिलता  बल्कि काम के लिए दिया जाता है और इससे पूर्व भी उन्होंने रेणुका विधानसभा क्षेत्र के लिए अनेकों आवश्यक एवं महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और जो छूटे हुए कार्य हैं उन्हें भी भविष्य में पूरा किया जाएगा।  उन्होंने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा रखी गई सभी मांगो को वह समय-समय पर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के समक्ष गम्भीरता से उठाएंगे।


 विधानसभा उपाध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की ओर से प्राप्त होने वाली समस्याओं का समय पर निराकरण करना सुनिश्चित बनाये। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रदेश को भारी नुक्सान हुआ जिसकी भरपाई प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से की है और प्रदेश की कठिन वित्तीय संकट के बावजूद भी राज्य सरकार ने आपदा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिये धन की कोई कमी नहीं होने दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 4500 करोड़ रुपये का विशेष राहत पैकेज आपदा प्रभावित परिवारों को प्रदान करने के लिये जारी किया गया है और आपदा प्रभावितों को नुक्सान का मुआवजा दिया गया और जो रह गए हैं उन्हें भी भविष्य में दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के हितों की अनदेखी की है।   इससे पूर्व, रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के नौहराधार पहुंचने पर विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार का ढ़ोल नगाड़ों और फूल मालाओं के साथ लोगों ने भव्य स्वागत किया।

इसके पश्चात विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने देवामानल  व भराड़ी  में 12-12 लाख रुपए की लागत से निर्मित पटवार भवनों के लोकार्पण किये। विनय कुमार ने देवामानल शिरगुल देवता मंदिर में जाकर माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने देवामानल  व भराड़ी में भी लोगों को संबोधित किया और जन समस्याएं सुनी। 

इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार को नौहराधार, देवामानल व भराड़ी में कार्यक्रम स्थल पर शॉल, टोपी, सदरी और डांगरा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष तपेन्दर चौहान, प्रदेश कांग्रेस सदस्य यशपाल चौहान, बीडीसी अध्यक्ष तेजेंद्र कमल, महासचिव मेत्र सिंह, ज़ोन अध्यक्ष नौहराधार स्वर्ण सिंह नेगी, यूथ अध्यक्ष रेणुका जी अजय भारद्वाज, सचिव यूथ कांग्रेस ओ.पी. ठाकुर एसडीएम संगडाह सुनील कायथ, तहसीलदार रमन ठाकुर, बीडीओ चिराग शर्मा के अलावा अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण राकेश, अधिशासी अभियन्ता जल शक्ति मुनीश शर्मा, सहित अन्य विभाग के अधिकारी व कांग्रेस पदाधिकारी एवं क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।