*
अक्स न्यूज लाइन कुल्लू 8 अप्रैल :
कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के पूज्य पिता जोग ध्यान ठाकुर (88 वर्षीय) के आकस्मिक निधन पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर तथा पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर उनके पैतृक निवास स्थान पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहन संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उन्होंने कहा कि जोग ध्यान ठाकुर का निधन न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय और गहरा आघात है। उनके स्नेह, सरलता और जीवन मूल्यों की स्मृतियां सदैव सभी के हृदयों में जीवित रहेंगी। इस दुखद घड़ी में उन्होंने परिवार के साथ अपनी पूर्ण संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा परिजनों को इस अथाह दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इसके उपरांत, कटराईं में मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ के बड़े भाई बुधीश्वर गौड़ (55वर्षीय) के आकस्मिक निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया। कटराईं स्थित उनके निवास स्थान पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि बुधीश्वर गौड़ का असामयिक निधन क्षेत्र के लिए अत्यंत पीड़ादायक क्षति है। उनका स्नेहिल स्वभाव और समाज के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। इस दुःखद क्षण में उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और परिवार को इस असहनीय वज्रपात को सहने का संबल दें।