नाहन :शहर में 20 जुलाई से आगामी 10 दिनों तक प्रभावित रहेगी पेयजल सप्लाई
अक्स न्यूज लाइन नाहन 08 जुलाई :
जिला सिरमौर में मनसून को लेकर जल शक्ति विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है । बरसात के दौरान पिछले कई वर्षों से लगातार प्रभावित हो रही लाइनों को भी चिन्हित किया गया है जिन्हें रिस्टोर करने के लिए जहां नोडल ऑफीसर तैनात किए है तो वही आवश्यक सामान भी पेयजल योजनाओ पर समय रहते पहुंचा दिया गया है। ताकि किसी भी प्रकार से कार्य में बाधा ना हो और प्रभावित होने वाली योजनाओं और पेयजल लाइनों को तुरंत प्रभाव से सुचारु किया जा सके।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जल शक्ति विभाग जिला सिरमौर के अधीक्षण अभियंता राजीव महाजन ने बताया कि आगामी मानसून को देखते हुए जल शक्ति विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। उन्होंने बताया कि शहर में किसी भी प्रकार से आगामी मानसून के दौरान प्रभावित होने वाली योजनाओं और पेयजल लाइनों के चलते पेयजल सप्लाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बरसात में खिसक रही पेयजल लाइनों को दुरुस्त करने के लिए 20 जुलाई से कार्य शुरू कर, 10 दिनों के भीतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा ।
उन्होंने कहा कि इस दौरान शहर में एक दिन छोड़कर पेयजल की सप्लाई की जाएगी। ताकि भारी बरसात के दौरान किसी भी प्रकार से पेयजल सप्लाई बाधित न हो । उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में नोडल ऑफिसर भी तैनात किए गए हैं पेयजल योजनाओं को रिस्टोर करने के लिए सभी आवश्यक सामान जुटा लिया गया है और सभी बंदोबस्त पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी मानसून में किसी भी क्षेत्र में पेयजल सप्लाई को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा । विभाग के कर्मचारी और अधिकारी निरंतर फील्ड में तैनात रहेंगे।



