नाहन में पंज प्यारों की अगुवाई में निकला भव्य नगर कीर्तन

नाहन में पंज प्यारों की अगुवाई में निकला भव्य नगर कीर्तन

अक्स न्यूज लाइन नाहन 5 नवंबर : 

श्री गुरु नानक देव जी महाराज का प्रकाश पर्व बुधवार को जिला मुख्यालय नाहन में बड़े श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति और स्थानीय संगत ने मिलकर विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया।

सुबह के समय गुरुद्वारा साहिब परिसर में श्री अखंड पाठ का समापन किया गया, जिसके उपरांत कीर्तन दरबार का आयोजन हुआ। स्थानीय और बाहर से आए रागी जत्थों ने गुरु की बाणी के मधुर कीर्तन से संगत को निहाल किया। श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब महाराज के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान सजे विशाल लंगर में हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। शाम पांच बजे पंज प्यारों की अगुवाई में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें सिख युवाओं ने पारंपरिक गतका कला का शानदार प्रदर्शन किया। उनके करतबों ने नगरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से आरंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः गुरुद्वारा परिसर में संपन्न हुआ। इस अवसर पर आतिशबाजी से पूरा वातावरण उत्सवमय बन गया। साथ ही, स्थानीय संगत द्वारा जोड़ा सेवा, बर्तन सेवा और सफाई सेवा में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया गया।