ट्रिपल आईटी में साइबर सुरक्षा और भारत में इसका भविष्य“ पर विशेषज्ञ वार्ता और संवाद सत्र आयोजित

इस सत्र का नेतृत्व आईआईटी कानपुर के प्रो. संदीप शुक्ला ने किया, जो साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ हैं। प्रो. शुक्ला राष्ट्रीय विषय केंद्र (सी थ्री आई सेंटर) और सी थ्री आई हब के संस्थापक हैं, जो साइबर सुरक्षा और महत्वपूर्ण संरचनाओं की सुरक्षा पर कार्य करता है। उनका शोध ब्लॉकचेन तकनीक, हार्डवेयर और नेटवर्क सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई ) आधारित साइबर रक्षा प्रणाली और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा जैसे विषयों पर केंद्रित है।
ट्रिपल आईटी ऊना के निदेशक प्रो. मनीष गौड़ ने साइबर सुरक्षा के बढ़ते महत्व और इस क्षेत्र में आवश्यक कौशल पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सत्र के दौरान भारत में साइबर सुरक्षा के भविष्य, जोखिम आकलन उपकरणों (रिस्क असेसमेंट टूल्स) और उद्योग तथा शिक्षा जगत के सहयोग पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उन्होंने भारत की साइबर सुरक्षा को सशक्त बनाने, सामाजिक इंजीनियरिंग से निपटने और अगली पीढ़ी की सुरक्षा तकनीकों को विकसित करने के लिए अंतर-विषयक (इंटर डिसिप्लिनरी) अनुसंधान और राष्ट्रीय स्तर की रणनीतियों की आवश्यकता पर बल दिया।