झूठी गारंटियां देकर सत्ता में आई, कांग्रेस सरकार ने घोटालों की झड़ी लगाई : जयराम ठाकुर

झूठी गारंटियां देकर सत्ता में आई, कांग्रेस सरकार ने घोटालों की झड़ी लगाई : जयराम ठाकुर

 अक़्स न्यूज लाइन, शिमला --06 जुलाई

नालागढ़ में भाजपा के प्रत्याशी केएल ठाकुर के प्रचार अभियान में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के घोटाले सामने आने शुरू हो गए हैं। हर दिन नए नए मामले उजागर हो रहे हैं। ये तो अभी शुरुआत है। कांग्रेस सरकार प्रदेश में घोटालों का रिकॉर्ड बनाने वाली है। हिमाचल प्रदेश इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड में 60 करोड़ रुपये से ज्यादा के घोटाले का मामला सामने आया है। सरकार ने अपने चहेतों को फायदा पहुंचाने के लिए 175 करोड़ के टेंडर को 240 करोड़ रुपए में आवंटित किया है। 60 करोड़ रुपए का यह घोटाला किसे लाभ पहुंचाने के लिए, किसके इशारे पर किया गया। सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। ये कांग्रेस सरकार का कोई पहला घोटाला नहीं है।

इसके पहले भी कई घोटाले सामने आ चुके हैं। जहाँ अपने चहेतों को फायदा पहुंचाने के लिए सरकार ने नियमों की अनदेखी की और अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना की। मुख्यमंत्री को इन सवालों के जवाब देना चाहिए। सरकार प्रदेश के विकास की बजाय प्रदेश को पीछे ले जाने का काम कर रही है। प्रदेश सरकार की रूचि सिर्फ घोटालों में है सरकार का प्रदेश के लोगों से कोई सरोकार नहीं रह गया है। 

जयराम ठाकुर ने कहा की सत्ता में आने के लिए कांग्रेस ने झूठी गारंटियों की झड़ी लगा दी थी और अब जब सरकार में आ गए हैं तो घोटालों की झड़ी लगा रहे हैं। अभी तो मात्र डेढ़ साल हुए हैं, आने वाले समय में सरकार क्या कारनामा करती है यह वक्त ही बताएगा। प्रदेश में युवा परीक्षा परिणाम घोषित करने के लिए सड़कों पर हैं, सरकार की गारंटी याद दिलाने के लिए सड़कों पर हैं।

किसान, बागवान, नारी शक्ति सभी के साथ इस सरकार ने धोखा करने का काम किया है। आज बागवान अपना प्रोडक्ट्स बाजार में नहीं बेच पा रहे  हैं लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। मुख्यमंत्री सिर्फ झूठ बोलकर सरकार चलाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश में भारी बारिश से हुई आपदा को एक साल का समय बीट चुका है लेकिन अभी तक सरकार पीड़ितो को राहत नहीं पहुंचा सकी है।  

नालागढ़ के साईं चडोग और लुणस में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नालागढ़ के लोगों ने फ़ैसला कर लिया है वह  भाजपा प्रत्याशी केएल ठाकुर के साथ हैं। नालागढ़ के लोग सरकार की दानमकारी नीतियों से नहीं डरते हैं। नालागढ़ समेत प्रदेश के लोगों ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार को पहले उपचुनाव में भी नकार दिया है, आने वाले समय में प्रदेश ने कांग्रेस सरकार का कोई भविष्य नहीं हैं। भाजपा तीनों सीटों को भारी मतों से जीतेगी। भाजपा की सरकार में प्रदेशका विकास फिर से रफ़्तार पकड़ेगा।

इस मौक़े पर उनके साथ चौपाल विधायक एवं प्रवक्ता बलबीर वर्मा, भाजपा प्रत्याशी के एल ठाकुर, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता लखविंदर राणा, समेत स्थान कार्यकर्ता पदाधिकारी और स्थानीय लोग भारी संख्या में उपस्थित रहे।