नाहन: पांवटा में कल होगा चक्का जाम, शिवा कॉलोनी के बाशिंदों के सब्र का बांध टूटा....
नगर परिषद क्षेत्र के एमसी पॉइंट वार्ड नंबर 13 शिवा कॉलोनी एबीसी ब्लॉक के 400 से अधिक परिवार पिछले लंबे समय से गंदगी, बदबूदार पानी और मच्छर-मक्खियों की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि लोग इसे “नरक से भी बदतर जीवन” बता रहे हैं। जहां एक ओर सरकार “स्वच्छ भारत” और स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर शिवा कॉलोनी के लोग सुबह से लेकर रात तक गंदे और बदबूदार पानी के बीच रहने को मजबूर हैं। इस गंदे पानी में पनप रहे कीड़े, मक्खी और मच्छर लोगों के लिए गंभीर बीमारी का कारण बन रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हालात इतने खराब हैं कि स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को इस गंदे पानी से गुजरने के लिए जूते उतारकर नंगे पांव चलना पड़ता है, क्योंकि यदि वे जूते पहनकर निकलें तो उनके कपड़े, जूते और जुराबें गंदे पानी में खराब हो जाते हैं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे एसडीएम पांवटा साहिब सहित कई अधिकारियों से मिल चुके हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। यहां तक कि एसडीएम के मौके पर आने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
लोगों का कहना है कि इस गंदगी के कारण क्षेत्र में बीमारियां लगातार बढ़ रही हैं और जितनी बीमारियां यहां फैल रही हैं, उतनी शायद किसी अन्य मोहल्ले में नहीं हुई होंगी। बदबू और गंदगी के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। मक्खी-मच्छर इतनी अधिक संख्या में हैं कि मानो यह कोई कूड़ा डंपिंग साइट हो।
समाजसेवी नाथूराम चौहान ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोग हाउस टैक्स और अन्य सभी कर समय पर दे रहे हैं, लेकिन बदले में उन्हें मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पा रहीं। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप है और लोगों के घरों तक गंदा पानी पहुंच रहा है, जिससे उनका जीवन दूभर हो गया है। क्षेत्रवासियों के साथ नाथु राम ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने अब भी ध्यान नहीं दिया तो कल सुबह 10 बजे तारूवाला रोड स्थित नेशनल हाईवे 707 पर चक्का जाम किया जाएगा। नाथु राम का कहना है कि अब उनके पास धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है।
स्थानीय जनता ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या का तुरंत समाधान किया जाए, ताकि लोगों को इस नारकीय जीवन से राहत मिल सके








