हाईकमान करेगी सीएम का फैसला, नजरअंदाज नहीं किया जा सकता वीरभद्र सिंह का योगदान : प्रतिभा

हाईकमान करेगी सीएम का फैसला, नजरअंदाज नहीं किया जा सकता वीरभद्र सिंह का योगदान : प्रतिभा

हिमाचल में मुख्यमंत्री को लेकर मचे घमासान के बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह के योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।
सीएम पद पर होली लॉज की दावेदारी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रतिभा सिंह ने कहा कि हाईकमान तय करेगा कि मुख्यमंत्री कौन होगा। 
इससे पहले विधायकों की भी राय ली जाएगी। उन्हें लगता है कि आने वाले दिनों में चुनाव जीतकर आने वाले सभी कैंडिडेट भी इसी बात को रखेंगे।
हाईकमान भी इन बातों को गहराई से देखेगी और यह तय करेगी कि किस चेहरे को आगे लाना है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह भी पहले दो बार जब सांसद थे, तो उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया है। 
इस बार भी यदि हाईकमान इस बात को महत्व देती है, तो होलीलॉज जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के योगदान को देखते हुए ही सोनिया गांधी ने उन्हें प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी।
उन्होंने भी सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर प्रत्याशियों की मजबूती के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि लोग वीरभद्र सिंह के कार्य का एहसान चुकाना चाहते हैं। 
इस वजह से पिछले उप चुनाव में भी जनता ने उनका साथ दिया है। इस बार भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने वीरभद्र के चेहरे पर वोट दिया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस गुटों में नहीं बंटेगी। हम बैठकर निर्णय लेंगे। 
प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल में खरीद-फरोख्त की संभावना नहीं है। उन्हें नहीं मालूम कि दूसरे राज्यों में क्या वजह रही। हिमाचल में केंद्रीय हाईकमान ऑब्जर्वर भेजेगी और जीते हुए विधायकों की राय लेकर हाईकमान को रिपोर्ट भेजेगी।