नाहन : जनता पर नए-नए शुल्क थोप रही कांग्रेस सरकार, आयुष्मान भारत का भुगतान रोककर गरीबों का इलाज भी किया प्रभावित : विनय गुप्ता
अक्स न्यूज लाइन नाहन 14 जुलाई :
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विनय गुप्ता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार नए-नए शुल्क लगाकर आर्थिक बोझ बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक जनहितकारी योजनाएं चला रही है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की कांग्रेस सरकार इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बाधाएं उत्पन्न कर रही है।
विनय गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता पर पहले ही कई प्रकार के शुल्क और करों का बोझ डाला है तथा अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी कचरा संग्रहण शुल्क लगाने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन ग्रामीण परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक भार डालेगा, जो पहले से ही महंगाई और बढ़ती जीवन-यापन की लागत से परेशान हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की वित्तीय कुप्रबंधन के कारण आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों के लंबित भुगतानों का समय पर निपटारा नहीं हो पा रहा है। इसका सीधा असर गरीब और जरूरतमंद मरीजों के इलाज पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि अस्पतालों को समय पर भुगतान नहीं मिलेगा तो आयुष्मान भारत जैसी महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पाएगा।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि मोदी सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, लेकिन हिमाचल की कांग्रेस सरकार अपनी गलत नीतियों और आर्थिक कुप्रबंधन के कारण जनता को राहत देने के बजाय परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का पूरा ध्यान जनसेवा के बजाय जनता पर नए-नए आर्थिक बोझ डालने पर केंद्रित दिखाई देता है।
विनय गुप्ता ने प्रदेश सरकार से मांग की कि आयुष्मान भारत योजना से जुड़े अस्पतालों के सभी लंबित भुगतान तत्काल जारी किए जाएं, ग्रामीण क्षेत्रों में प्रस्तावित कचरा शुल्क लगाने के निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए तथा जनता पर नए शुल्क और आर्थिक बोझ डालने की नीति को तुरंत वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश की जनता के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और कांग्रेस सरकार को जनविरोधी फैसलों के लिए जवाबदेह बनाएगी।



