मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का किया आग्रह

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का किया आग्रह

अक़्स न्यूज लाइन, धर्मशाला--22 दिसंबर

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं से प्रदेश सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया है ताकि अधिक से अधिक लोग सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। मुख्यमंत्री आज धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के शताब्दी वर्ष समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवा दल कांग्रेस पार्टी का अग्रणी संगठन है और सच्चे मन से सेवा के कार्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवा दल के 100 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, जो सभी के लिए गर्व की बात है।

 राज्य सरकार कांग्रेस के सभी अग्रणी संगठनों को अधिमान रही है।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान अपनी दस गारंटियों में से तीन को पूरा कर दिया गया है। अपनी पहली गारंटी को पूरा करते हुए प्रदेश की आर्थिक बदहाली के बावजूद राज्य सरकार ने 1.36 सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना बहाल की, ताकि उन्हें बुढ़ापे का सहारा मिले। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में भी व्यापक व्यवस्था परिवर्तन किया जा रहा है। अगले शैक्षणिक सत्र से सभी सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की जाएगी तथा 300 मीटर के दायरे में आने वाले स्कूलों का क्लस्टर बना कर, वहां पर्याप्त अध्यापक और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। 

उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने अत्याधिक कर्ज लिया और वर्तमान सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। पूर्व भाजपा सरकार ने चुनावी लाभ के लिए वर्ष 2022-23 में 14 हजार करोड़ रुपए से अधिक का कर्ज लिया, जिसके कारण आज प्रत्येक हिमाचलवासी पर एक लाख रुपए से अधिक का कर्ज है। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रघुबीर सिंह बाली तथा विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने भी अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का स्वागत किया और सेवा दल के कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
कांग्रेस सेवा दल के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राम विलास रावत, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, विधायक रवि ठाकुर, सुदर्शन बबलू तथा चंद्रशेखर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
.0.
Regards,