जालहमा नाला में बाढ़ से क्षतिग्रस्त वैकल्पिक मार्ग को शीघ्र बहाल करने के निर्देश
अक्स न्यूज लाइन केलांग, 30 जून :
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) लाहौल-स्पीति अध्यक्ष किरण भड़ाना ने मंगलवार को जालहमा नाला में आई बाढ़ से सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा निर्मित अस्थायी सड़क को हुए नुकसान का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत एवं पुनर्बहाली कार्य करते हुए क्षतिग्रस्त मार्ग को शीघ्र यातायात के लिए बहाल करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जिले के किसान एवं बागवान इन दिनों अपनी नगदी फसलों और सब्जियों को मंडियों तक भेज रहे हैं। ऐसे समय में सड़क संपर्क बाधित होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसलिए जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता किसानों और बागवानों की उपज को समय पर बाजार तक पहुंचाना तथा यातायात व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य बनाना है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि वे अपनी मशीनरी एवं उपलब्ध मैनपावर के साथ सीमा सड़क संगठन को सड़क बहाली कार्य में हरसंभव सहयोग प्रदान करें, ताकि वैकल्पिक मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु किया जा सके और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने मौके पर उपस्थित वन विभाग के अधिकारियों को जालहमा नाला की ड्रेसिंग (dredging) का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग से भविष्य में अस्थायी मार्ग को बाढ़ से होने वाले नुकसान की संभावना कम होगी तथा सीमा सड़क संगठन द्वारा निर्माणाधीन बैली ब्रिज के पूर्ण होने तक इसी मार्ग से निर्बाध एवं सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, सीमा सड़क संगठन के प्रतिनिधि तथा स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क बहाली का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के किसानों, बागवानों और आम नागरिकों को यातायात संबंधी किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।




