पंजाब प्रकरण को देखते हुए हिमाचल की सीमाएं सील, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था

पंजाब प्रकरण को देखते हुए हिमाचल की सीमाएं सील, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था

अक्स न्यूज लाइन ..नाहन 19 मार्च 2023
पंजाब में खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के साथियों की गिरफ्तारी के बाद हिमाचल प्रदेश की सीमा पर सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है। यदि जिला सिरमौर की बात करते हैं तो जिला सिरमौर में गुरु की नगरी पांवटा साहिब में इन दिनों होला मोहल्ला चल रहा है। जिसके चलते बाहरी राज्यों खासकर पंजाब के श्रद्धालु गुरुद्वारे में माथा टेकने आते हैं। 
इसी के मद्देनजर जिला सिरमौर पुलिस ने प्रदेश की सीमाओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। खासकर जिला सिरमौर के प्रवेश द्वार कालाअंब , बहराल और गोविंदगढ़ घाट में भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। साथ ही बाहरी राज्यों से आने वाले प्रत्येक वाहन की गहनता से जांच की जा रही है। 
गौर हो कि पंजाब में खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के साथियों की गिरफ्तारी के बाद पंजाब सरकार द्वारा राज्य में धारा 144 लागू की गई है , जिसके चलते हिमाचल पुलिस को भी आशंका है कि कहीं अमृतपाल के समर्थक हिमाचल की सीमा में प्रवेश ना करें। इसी के चलते पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। 
पंजाब पुलिस की खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह पर की जा रही कार्रवाई को देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने सभी जिला प्रशासन को अलर्ट जारी कर दिया है। पंजाब से लगती हिमाचल की सीमाओं पर प्रदेश पुलिस सतर्क हो गई है। हर नाके पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है। नंगल के साथ लगते ऊना जिले की पुलिस ने भी विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर दी है। 
हिमाचल-पंजाब सीमा पर बाथड़ी, मरवाड़ी, संतोषगढ़, मैहतपुर में पुलिस मुस्तैद है। वही , जिला सिरमौर के वार्डर एरिया कालाअंब , बहराल , हरिपुरखोल और पांवटा साहिब में अतिरिक्त सुरक्षा बड़े गई है। सिरमौर की सीमाएं पड़ोसी राज्य हरियाणा, चंडीगढ़ , उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश से सटी हैं, ऐसे में सिरमौर पुलिस ने सभी एंट्री प्वाइंट पर सतर्कता बढ़ा दी है।
इसके अलावा सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मियों को प्रवेश द्वार पर सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। उधर, सोलन के बीबीएन में भी पंजाब से सटी सीमाओं पर चौकसी बढ़ाई गई है। पंजाब की सीमा से सटे चार एंट्री प्वाइंट्स पर पुलिस के सशस्त्र जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है। वहीं, बघेरी, दभोटा, ढेरावाल व नंवाग्राम बैरियर पर सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। 
वहीं कांगड़ा में भी पंजाब से सटी सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर के निर्देशों पर पंजाब राज्य के साथ सटे सभी प्रवेश द्वारों पर पुलिस का पहरा लगा दिया है। 
पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा ने  बताया कि वैसे तो जिला सिरमौर के बॉर्डर एरिया पर पुलिस वर्क तैयार रहता है , लेकिन इन दिनों पांवटा साहिब में होला मोहल्ला चल रहा है। जिसके चलते सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले हर एक वाहन की जांच की जा रही है। क्योंकि पुलिस किसी भी प्रकार का कोई रिस्क नहीं ले सकती।